ETV Bharat / state

सतुलज के पानी को किया जहरीला! पंजाब में हिमाचल के उद्योगों के खिलाफ FIR, रूपनगर के MLA पहुंचे बद्दी

सतलुज में जहरीला कैमिकल वेस्ट मिलने का मामला सामने आया था. इस पर रूपनगर विधायक दिनेश चड्ढा ने बद्दी स्थित कचरा प्लांट का निरीक्षण किया.

प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचे विधायक आशीष चड्ढा
प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचे विधायक आशीष चड्ढा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 27, 2026 at 3:12 PM IST

|

Updated : August 27, 2026 at 3:25 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नालागढ़: पंजाब के रूपनगर से होकर बहने वाली सतलुज नदी में रूपनगर हेडवर्क्स के पास फैक्ट्रियों का कचरा और कथित कैमिकल वेस्ट मिलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. सतलुज में प्रदूषण का स्रोत हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी, बरोटिवाला, नालागढ़ से निकलने वाले कचरे को बताया जा रहा है, जो सरसा नदी के माध्यम से पंजाब पहुंच रहा है. इसी मामले की जांच और स्थिति का जायजा लेने के लिए रूपनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश चड्ढा बद्दी के केंदूवाल स्थित कचरा प्लांट पहुंचे.

विधायक ने मौके पर कचरा प्लांट और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से सरसा नदी में कचरा डंप किए जाने को लेकर जानकारी ली. इस दौरान हिमाचल प्रदेश के अधिकारियों से मामले को लेकर बातचीत की है और नदी में किसी भी प्रकार की प्रदूषित सामग्री डाले जाने पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है.

विधायक आशीष चड्ढा (ETV Bharat)

'नदियों में लगे हैं वेस्ट के डंप'

विधायक ने बताया कि 'प्लांट का कचरा और गंदा कैमिकल नदी में मिला हुआ है और मौके पर बड़े स्तर पर गंदगी पाई गई. अधिकारियों को इस मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है. साथ ये भी पता लगाने को कहा गया है कि सरसा नदी में पहुंच रहा कचरा और प्रदूषित सामग्री कहां से आ रही है. बीबीएन में कई कंपनियों का वेस्ट सरसा से होकर सतलुज में पहुंच रहा है. बाल्द, मड़ाबग नदियों में वेस्ट के डंप बने हुए हैं और हाईवे से सीधे नजर आते हैं, लेकिन हिमाचल की सरकार और प्रदूषण बोर्ड कहां सोया है. मैं इस विवाद को राजनीतिक रंग नहीं देना चाहता ये प्रदूषण का मसला है. मैं बस ये कहना चाहता हूं कि हिमाचल की सरकार इस पर कार्रवाई करे, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर हम एक्शन लेंगे. अभी प्रशासन ने हमें नदियों से वेस्ट के डंप को उठाने का भरोसा दिया है. रोपड़ में सतलुज नदी के हेडवर्क के ऊपर बहुत सारा कैमिकल वेस्ट जमा होने पर हमने इसकी एफआईआर करवाई है.'

रोपड़ में दर्ज हुई एफआईआर

गौरतलब है कि बीते रविवार सुबह रूपनगर हेडवर्क्स के पास सैर करने पहुंचे स्थानीय लोगों ने सतलुज नदी के पानी में भारी गंदगी और कथित कैमिकल वेस्ट देखा था. पानी से तेज बदबू आने के बाद लोगों ने इसकी सूचना विधायक दिनेश चड्ढा को दी थी. स्थिति का जायजा लेने के बाद विधायक ने पुलिस को मौके पर बुलाकर शिकायत दर्ज करवाई. विधायक ने कहा कि जांच के माध्यम से यह पता लगाया जाएगा कि नदी में पहुंचा कचरा किस औद्योगिक इकाई या ठेकेदार से संबंधित है.

मामले को लेकर रूपनगर पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के अज्ञात उद्योगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है. ये कार्रवाई विधायक दिनेश चड्ढा की लिखित शिकायत के आधार पर की गई है. रोपड़ के थाना प्रभारी पवन ने बताया कि हमारी पुलिस की टीम भी विधायक के साथ मौके पर गई थी और मामले की तफ्तीश की जा रही है. विधायक ने पंजाब के संबंधित अधिकारियों को भी मामले में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है, ताकि नदी के पानी में प्रदूषण को रोका जा सके और इसका प्रभाव निचले क्षेत्रों तक न पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों को नदी में प्रदूषण की स्थिति पर नजर रखने और शिकायत के आधार पर आवश्यक जांच करने को कहा है.

ये भी पढ़ें: कुल्लू में चरम पर सेब सीजन, मंडियों में पहुंची 6.88 लाख पेटियां

Last Updated : August 27, 2026 at 3:25 PM IST