ETV Bharat / state

नैनीताल पुलिस ने हिस्ट्रशीटर पिद्दा को साथी समेत किया गिरफ्तार, 7 जगह चोरियां की, 45 मुकदमे हैं दर्ज

नैनीताल पुलिस ने सिर्फ दो महीने में 7 स्थानों पर चोरी करने वाले हिस्ट्रीशीटर प्रमोद और उसके साती राजू बहादुर को गिरफ्तार किया है

HISTORY SHEETER PRAMOD ARRESTED
चोरी के आरोपी गिरफ्तार (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 27, 2026 at 11:33 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र में लगातार हो रही दुकान और वाहन चोरी की सात वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 28 हजार 200 रुपये की नकदी, चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया है. मुख्य आरोपी पर पहले से 32 और उसके साथी पर 13 मुकदमे दर्ज हैं.

7 चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार: नैनीताल जनपद में चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम में हुई सात चोरी की घटनाओं का एक साथ खुलासा करते हुए शातिर हिस्ट्रीशीटर प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा और उसके साथी राजू बहादुर को गिरफ्तार किया है.

दोनों आरोपियों पर पूर्व में 45 मुकदमे हैं दर्ज: बीते मई और इस जून माह में लालकुआं क्षेत्र में बंद दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं. मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे. पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण, मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर लगातार सुरागरसी की. जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

2 लाख की नकदी और मोबाइल बरामद: पूछताछ में आरोपियों ने लालकुआं के चार, मुखानी के दो और काठगोदाम के एक चोरी के मुकदमे कबूल किए. पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 2 लाख 28 हजार 200 रुपये की नकदी, चोरी की मोटरसाइकिल और चोरी के पैसों से खरीदा गया लगभग 16 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया है.

नशे और अन्य कामों में उड़ाते थे चोरी का पैसा: पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसता था और गल्लों से नकदी चोरी करता था. इस दौरान उसका साथी राजू बहादुर आसपास निगरानी रखता था. चोरी की रकम दोनों नशे और अन्य खर्चों में उड़ा देते थे. मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या के खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट सहित 32 मुकदमे दर्ज हैं. उसके साथी राजू बहादुर पर 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.

दोनों चोर जेल भेजे गए: एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि-

काठगोदाम, मुखानी और लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में हुई 7 चोरियों को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. मुख्य आरोपी के खिलाफ 32 मुकदमे दर्ज हैं. दूसरे आरोपी के खिलाफ 13 अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है.
-मंजूनाथ टीसी, एसएसपी-

ये भी पढ़ें: हल्द्वानी में बंद घरों को निशाना बनाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, सपेरे का करते थे काम