कृषि पट्टे की जमीन पर बना दिया आलीशान होटल, जिला प्रशासन ने भूमि को राज्य सरकार में किया निहित
उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर कृषि भूमि पर व्यावसायिक गतिविधि की जाती रही है. जिस पर प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 1, 2026 at 1:43 PM IST
हल्द्वानी: नैनीताल में कृषि प्रयोजन के लिए आवंटित पट्टे की भूमि पर होटल निर्माण का मामला सामने आया है. जांच में शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अदालत ने 0.220 हेक्टेयर भूमि को राज्य सरकार में निहित करने के आदेश दिए हैं. संबंधित अधिकारियों को भूमि का कब्जा लेकर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए गए हैं. प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध व्यावसायिक उपयोग पर सख्त संदेश माना जा रहा है.
जनपद में कृषि प्रयोजन हेतु आवंटित पट्टे की भूमि के व्यावसायिक उपयोग का मामला उजागर होने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है. जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल की न्यायालय द्वारा पट्टे की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर सूर्या गांव, पट्टी चोपड़ा स्थित 0.220 हेक्टेयर भूमि को राज्य सरकार में निहित करने के आदेश पारित किए गए हैं. जानकारी के अनुसार उक्त भूमि गोपाल सिंह, केशर सिंह तथा उदुली देवी को श्रेणी–5 एवं श्रेणी–7(क) के अंतर्गत कृषि कार्य के उद्देश्य से पट्टे पर आवंटित की गई थी.
लेकिन जांच में सामने आया कि पट्टाधारकों द्वारा भूमि का उपयोग कृषि कार्य के बजाय विकास किरोला के पक्ष में लीज पर देकर किया गया. संबंधित भूमि पर होटल/रिसोर्ट का निर्माण कर उसे पूर्ण रूप से व्यावसायिक गतिविधियों में प्रयुक्त किया जा रहा था. राजस्व अभिलेखों की जांच और स्थलीय निरीक्षण में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी न्यायालय ने भूमि को राज्य सरकार में निहित करने का आदेश जारी किया. साथ ही परगना अधिकारी नैनीताल को निर्देशित किया गया है कि नियमानुसार भूमि का विधिवत कब्जा लेकर शीघ्र आख्या प्रस्तुत करें.
कुंडा विधायक राजा भैया की पत्नी की जमीन पर एक्शन: उत्तर प्रदेश के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह ऊर्फ राजा भैया की पत्नी के नाम जमीन पर भी पूर्व में सख्त कार्रवाई हुई है. नैनीताल जिला प्रशासन द्वारा बेतालघाट ब्लॉक में कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह की सिल्टोना गांव में 0.555 हेक्टेयर भूमि को सरकार में निहित कराया था. अधिकारियों ने तब बताया था कि राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने भूमि कृषि प्रयोजन के लिए ली गई थी, लेकिन बीते वर्षों से उस पर कृषि नहीं हो रही थी. जिसके बाद ये कार्रवाई की गई थी.
पढ़ें-कुंडा विधायक राजा भैया की पत्नी की जमीन को उत्तराखंड सरकार ने कब्जे में लिया, ये है पूरा मामला

