भारी बारिश ने लौटाई नैनी झील की रौनक, 10 फीट बढ़ा झील का जलस्तर
भारी बारिश से नैनीझील का जलस्तर करीब 10 फीट बढ़ गया है. जिसके बाद सिंचाई विभाग ने झील के निकासी गेट खोल दिए हैं.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 22, 2026 at 9:14 AM IST
|Updated : August 22, 2026 at 10:59 AM IST
नैनीताल: लगातार बारिश से जहां उत्तराखंड में हालात बिगड़े हुए हैं, वहीं नैनीताल में बारिश ने नैनी झील की तस्वीर बदल दी है. दो महीने की अच्छी बारिश से झील का जलस्तर करीब 10 फीट बढ़ गया है. पानी सामान्य से ऊपर पहुंचने पर सिंचाई विभाग ने निकासी गेट खोल दिए हैं. अब विभाग लगातार जलस्तर पर नजर रखते हुए अतिरिक्त पानी की निकासी कर रहा है.
सरोवर नगरी नैनीताल में लगातार हो रही बारिश अब नैनी झील के लिए राहत बनकर सामने आई है. कुछ समय पहले तक जिस झील का जलस्तर तेजी से नीचे जा रहा था, अब वही झील पानी से लबालब नजर आ रही है. बीते दो महीनों में हुई अच्छी बारिश से झील का जलस्तर करीब 10 फीट बढ़ गया है. सिंचाई विभाग के आंकड़ों के मुताबिक झील का जलस्तर गेज के शून्य स्तर से करीब 10 फीट 6 इंच ऊपर पहुंच चुका है.पानी की पर्याप्त मात्रा और सामान्य से ऊपर जलस्तर को देखते हुए विभाग ने झील के निकासी गेट खोल दिए हैं. इसका उद्देश्य अतिरिक्त पानी की निकासी कर जलस्तर को नियंत्रित रखना है.
विभाग लगातार झील के जलस्तर की निगरानी कर रहा है. जरूरत के अनुसार निकासी की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी. अगर पिछले वर्षों से तुलना करें तो इस बार बारिश का आंकड़ा भी काफी अधिक है.
-ललित मोहन कश्यप, सहायक अभियंता, सिंचाई विभाग-
सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता ललित मोहन कश्यप के मुताबिक साल 2020 में नैनीताल में करीब 1459 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई थी, उस समय झील का जलस्तर करीब 11 फीट था. जबकि इस साल अगस्त तक करीब 1565 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है और झील का जलस्तर करीब 10 फीट 7 इंच तक पहुंच गया है.
गौरतलब है कि नैनी झील के घटते जलस्तर को लेकर चिंता बढ़ रही थी, वही मानसून में बारिश के कारण फिर से झील अपने भरपूर स्वरूप में नजर आ रही है. जिससे सिंचाई विभाग और पर्यटकों के चेहरे एक बार फिर खुशी दिखाई दे रही है.
गौर हो कि उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है. जिससे नदी-नालों का जलस्तर काफी बढ़ गया है. वहीं भारी बारिश से नैनी झील के जलस्तर में बढ़ोतरी देखी गई है.
पढ़ें-साल दर साल घट रहा नैनी झील का जलस्तर, विशेषज्ञों ने बताई वजह, खतरे को लेकर भी किया आगाह

