डकैत जगन गुर्जर की हत्या में सरकार के लोगों और अधिकारियों का हाथ, CBI से जांच करवाएं : बेनीवाल
डकैत जगन गुर्जर की हत्या मामले में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने गंभीर आरोप लगाए हैं.

Published : July 2, 2026 at 12:28 PM IST
जोधपुर : नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के नेता हनुमान बेनीवाल ने डकैत जगन गुर्जर की हत्या के मामले में भजनलाल सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है. गुरुवार को जोधपुर सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए बेनीवाल ने आरोप लगाया कि कोई अकेला आदमी उसकी हत्या नहीं कर सकता. इसमें जेल के अधिकारियों के साथ सरकार के लोगों का भी हाथ है. बेनीवाल ने कहा कि जिस तरीके से सीसीटीवी कैमरे पर पेस्ट लगा हुआ था यह बताता है कि अकेला आदमी नहीं कर सकता. सरकार में हिम्मत है तो सीबीआई से इस मामले की जांच कराए.
जोधपुर से बाड़मेर के सीमावर्ती इलाकों के दौरे पर रवाना होने से पहले बेनीवाल ने कहा कि राष्ट्र सुरक्षा के लिए सब एक जुट हैं, लेकिन सरकार इसके नाम पर टारगेट कर रही है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर हमला करते हुए बेनीवाल ने कहा मोदी और अमित शाह ने पहली बार के एमएलए को सीएम बना दिया, जिन्हें कुछ पता नहीं चलता है. सब कुछ दिल्ली से चल रहा है. प्रदेश भगवान भरोसे है. राजस्थान कठिन दौर से गुजर रहा है. बेनीवाल ने कहा कि जब से यह सीएम बने हैं, प्रदेश में अग्निकांड बहुत हो रहे हैं. अग्निदेव राजस्थान से नाराज हैं. कांग्रेस भी मिली हुई है. इनके लोग सीएम की बजाय मंत्री को टारगेट कर रहे हैं.
पढ़ें. हाई सिक्योरिटी जेल के बैरक में मिला कुख्यात डकैत जगन गुर्जर का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
रिफाइनरी बहुत पहले शुरू होनी थी : बेनीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री से हमें कोई उम्मीद नहीं है. यह रिफाइनरी बहुत पहले शुरू हो जाती तो राजस्थान को बहुत बड़ा राजस्व मिलता, लेकिन राजनीति की भेंट चढ़ गई. बेनीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार का काम सिर्फ पार्टियों में तोड़ फोड़ करना है. क्या बेनीवाल सरकार को समर्थन देंगे? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि वो बीजेपी के खिलाफ जीत कर आए हैं, 2029 तक खिलाफ रहूंगा.

