जमशेदपुर में गुरु गोविंद सिंह की जयंती पर निकाला गया भव्य नगर कीर्तन, सत नाम वाहेगुरु के जयघोष से माहौल भक्तिमय
जमशेदपुर में गुरु गोविंद सिंह जयंती के उपलक्ष्य पर सिख समाज के लोगों ने भव्य नगर कीर्तन निकाला.

Published : January 4, 2026 at 8:04 PM IST
जमशेदपुर: सिखों के 10वें गुरु गोविंद सिंह की जयंती पर रविवार को गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा से भव्य नगर कीर्तन शोभा यात्रा निकाली गई. शोभा यात्रा रिफ्यूजी कॉलोनी से टुइला डूंगरी, टिनप्लेट होते हुए विभिन्न मार्गों से होकर देर शाम साकची गुरुद्वारा पहुंची. करीब 2 किलोमीटर लंबे पालकी साहेब नगर कीर्तन शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में बच्चे, महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए.
शोभा यात्रा में विभिन्न स्कूलों के बच्चे भी सम्मिलित हुए. इस दौरान लोग सतनाम श्री वाहेगुरु का जयघोष कर रहे थे. साथ ही एक वाहन पर गुरु ग्रंथ साहिब को सजा कर रखा गया था. साथ ही वाहन पर कीर्तन दरबार भी सजाया गया था. वाहन के आगे पंच प्यारे निशान साहेब के साथ चल रहे थे. पालकी साहेब के पथ पर सिख समाज के लोगों द्वारा सफाई की जा रही थी. मुख्य सड़क के किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ लगी थी.
श्रद्धालु पालकी साहेब का दर्शन कर प्रसाद ले रहे थे. नगर कीर्तन शोभा यात्रा में शामिल साकची गुरुद्वारा के प्रधान निशान सिंह ने बताया कि सिखों के 10वें गुरु गुरु गोविंद सिंह की जयंती पर समाज के लोग शामिल हुए. शोभा यात्रा में गुरु का दर्शन कर हम सब ने आशीर्वाद लिया. उन्होंने बताया की गुरु गोविंद सिंह ने समाज को प्रेम, शांति और धर्म की रक्षा का संदेश दिया था. उन्होंने सिख समाज के लोगों को गुरु के बताए रास्ते पर चलने की अपील की. उन्होंने विश्व में शांति की भी कामना की.

इधर, शोभा यात्रा को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. शोभायात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुलिस बलों की तैनाती की गई थी. साथ ही ट्रैफिक को लेकर भी जरूरी व्यवस्था की गई थी.

ये भी पढ़ें-
जमशेदपुर में गुरु गोविंद सिंह की जयंती, प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन यात्रा

