माय भारत खेलो इंडिया संवाद: सीएम बोले, '2014 के बाद युवा बेहतर प्रदर्शन कर जीत रहे पदक'
सीएम भजनलाल शर्मा का कहना है कि 2014 से पहले अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में भारत के हिस्से पदक कम आते थे.

Published : August 27, 2026 at 2:47 PM IST
जयपुर: राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर जयपुर में माय भारत खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं और खिलाड़ियों से संवाद किया करते हुए कहा कि देश में खेलों को लेकर बीते वर्षों में बड़ा बदलाव आया है. साल 2014 से पहले अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के हिस्से में आने वाले मेडलों की संख्या कम थी, लेकिन 2014 के बाद देश के युवा लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक जीत रहे हैं.
भारत आर्थिक रूप से मजबूत: मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार युवाओं और खिलाड़ियों के लिए काम कर रही है. खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आज देश के युवा खेल सहित अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और दुनिया में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं. सीएम शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हुई है. भारत आर्थिक रूप से लगातार सशक्त हो रहा है और आने वाले समय में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
पढ़ें: सीएम भजनलाल बोले, 'युवा सीएलजी सदस्य और सुरक्षा सखियां करें नशे और साइबर क्राइम पर प्रहार'
युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण: उन्होंने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा के जरिए विकसित भारत के निर्माण में अहम योगदान दे सकते हैं. मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और देश के लिए पदक जीतने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश और देश की खेल प्रतिभाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी क्षमता का पूरा प्रदर्शन कर सकें.

