ETV Bharat / state

खेसारी लाल यादव बनाम पवन सिंह के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, DJ संचालक समेत 4 गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर हत्याकांड का बड़ा खुलासा हुआ. खेसारी और पवन सिंह के गाने के विवाद में डीजे संचालक ने रंजीत की गोली मारकर हत्या की थी.

muzaffarpur ranjeet kumar murder case
मुजफ्फरपुर हत्याकांड (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 28, 2026 at 11:56 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई रंजीत कुमार हत्याकांड का पुलिस ने पूरी तरह खुलासा कर दिया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. इस वारदात के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था.

खेसारी और पवन के गानों पर विवाद: इस खूनी विवाद की मुख्य जड़ भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव और पवन सिंह के गाने को बजाने की मांग थी. ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने प्रेस वार्ता में बताया कि 25 जून की सुबह करजा थाना क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में मुशहरी थाना क्षेत्र निवासी रंजीत कुमार शामिल होने पहुंचे थे. तभी डीजे पर गाना बजाने को लेकर बहस हुई.

नशे की हालत में चली गोली: समारोह के दौरान एक पक्ष खेसारी लाल यादव का गाना बजाने की मांग कर रहा था, जबकि दूसरा पक्ष पवन सिंह का गाना बजाने पर अड़ा था. पुलिस के अनुसार, घटना से पहले मृतक और मुख्य आरोपित ने साथ बैठकर शराब पी थी. इसके बाद विवाद बढ़ा और मारपीट के बीच डीजे संचालक और उसके साथियों ने रंजीत पर गोली चला दी.

ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर (ETV Bharat)

वैज्ञानिक साक्ष्य और एसआईटी का गठन: गोली लगने से रंजीत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही करजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सरैया एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी का गठन किया गया.

पुलिस की गिरफ्त में चार मुख्य आरोपी: तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले तुर्की निवासी डीजे संचालक विक्की कुमार और पानापुर करियात निवासी रामबाबू सहनी को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर करजा निवासी नीरज कुमार और धीरज कुमार उर्फ गोलू को भी दबोच लिया गया. ग्रामीण एसपी के अनुसार डीजे संचालक विक्की कुमार ही इस कांड का मुख्य आरोपित है.

"पुलिस जांच कर रही है कि वारदात पूर्व नियोजित थी या अचानक हुई. फिलहाल सभी चारों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. आरोपितों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से हथियार झाड़ियों में दबा दिए थे. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक देशी पिस्टल, एक देसी कट्टा, दो कारतूस और खोखा बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत अलग से प्राथमिकी दर्ज की है." -राजेश सिंह प्रभाकर, ग्रामीण एसपी, मुजफ्फरपुर

क्या था मामला?: शंभू सहनी की भतीजी की शादी का समारोह चल रहा था. 24 जून की देर रात द्वार पूजा की रस्मों के दौरान अचानक किसी ने गोली चलायी और लड़की के मामा रंजीत की गोली लगने से मौत हो गयी. आनन-फानन में इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रथम दृश्यता लगा था कि हर्ष फायरिंग में गोली चली, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि डीजे संचालक ने गोली मारकर हत्या की.

ये भी पढ़ें: