ETV Bharat / state

फंस गए बदजुबान मंत्री पति, बिहार की लड़कियों को लेकर आपत्तिजनक बयाने देने पर कोर्ट का नोटिस

मुजफ्फरपुर कोर्ट ने बिहार की लड़कियों की बोली लगाने वाले उत्तराखंड की मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू को नोटिस भेजा है. पढ़ें पूरी खबर..

GIRDHARI SAHU CONTROVERSIAL REMARK
गिरधारी लाल साहू को मुजफ्फरपुर कोर्ट का नोटिस (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 13, 2026 at 6:48 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मुजफ्फरपुर: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू की मुश्किलें बढ़ गईं हैं. बिहार की लड़कियों पर आपत्तिजनक बयान देने के मामले में मुजफ्फरपुर कोर्ट ने नोटिस भेजा है. मामले में एडीजे प्रथम की अदालत में परिवाद दायर किया गया था, जिस पर आज सुनवाई हुई. जिसके बाद अदालत ने गिरधारी लाल को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है.

सुधीर ओझा की याचिका पर नोटिस: यह परिवाद वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने दाखिल किया है, जिसमें गिरधारी लाल साहू को मुख्य अभियुक्त बनाया गया है. परिवाद में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धाराओं 192, 298, 352, 351, 328, 52, 95, 86, 74 और 75 के तहत आरोप लगाए गए हैं.

वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा (ETV Bharat)

बिहार की लड़कियों पर दिया था बयान: सुधीर कुमार ओझा के अनुसार यह मामला मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव से जुड़ा है. आरोप है कि 2 और 3 जनवरी 2026 को गिरधारी लाल साहू ने सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक बयान प्रसारित किया था, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि बिहार में 20–25 हजार रुपये में लड़कियां मिल जाती हैं.

26 फरवरी को अगली सुनवाई: अब इसी मामले में अदालत ने प्रथम दृष्टया मामले को गंभीर मानते हुए संज्ञान लिया है और मंत्री पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. अब इस मामले में 26 फरवरी को अगली सुनवाई होगी. परिवादी सुधीर कुमार ओझा ने कहा कि अगर मंत्री पति जवाब नहीं देते हैं तो एकतरफा सुनवाई शुरू हो जाएगी.

"उत्तराखंड सरकार की मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू ने कहा कि 20 से 25 हजार में बिहार की लड़कियां मिल जाती है. यह बयान न सिर्फ बिहार की बेटियों का घोर अपमान है, बल्कि पूरे स्त्री समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है. साथ ही इससे राज्य की छवि धूमिल हुई है और आम लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं."- सुधीर कुमार ओझा, अधिवक्ता सह परिवादी

गिरधारी लाल साहू ने क्या बोला था?: मंत्री पति गिरधारी लाल साहू ने एक कार्यक्रम के दौरान अपने कार्यकर्ता से शादी को लेकर सवाल पूछते हुए कहा था, 'शादी नहीं हुई है तुम्हारी, क्या बुढ़ापे में करोगे? अबतक को तुम्हारे तीन से चार बच्चे हो गए होते. तुम्हारे लिए हम बिहार से लड़की ले आते. बिहार में 20-25 हजार में मिल जाती है. मेरे साथ आओ, शादी करवा देते हैं तुम्हारी.'

विवाद के बाद मांगी माफी: वहीं शर्मनाक बयान के बाद जब विवाद बढ़ा तो गिरधारी लाल ने सफाई दी और माफी मांग ली. उन्होंने कहा कि मजाकिया अंदाज में दोस्त की शादी की बात की थी. विरोधियों ने इसे गलत तरीके से पेश किया. इसके बावजूद अगर किसी को ठेस पहुंची हो तो वह हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं.

ये भी पढ़ें:

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति ने मांगी माफी, '20-25 हजार में मिलती हैं लड़कियां' बयान पड़ा भारी

'गिरधारी लाल साहू को बिहार लाओ 10 लाख इनाम दूंगा', विधायक की खुली चुनौती

'बिहार से 20-25 हजार में लड़कियां..', BJP मंत्री के पति के शर्मनाक बयान के खिलाफ सड़क पर उतरीं महिलाएं