ETV Bharat / state

मुजफ्फरनगर में नाबालिग से गैंगरेप के मामले में एक्शन: डॉक्टर का अल्फा क्लीनिक सीज, 4 आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में नाबालिग से ब्लैकमेलिंग और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने डॉक्टर आदिल समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Photo Credit: ETV Bharat
कॉलेज में बंधक बनाकर हैवानियत: पुलिस ने बढ़ाईं सामूहिक बलात्कार और एससी-एसटी की धाराएं. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 26, 2026 at 10:07 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ ब्लैकमेलिंग और सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित परिवार ने 18 अगस्त को किशोरी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने 21 अगस्त को उसे सकुशल बरामद कर लिया.


पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि बुखार आने पर वह मिमलाना रोड स्थित अल्फा क्लीनिक पर दवा लेने गई थी, जहां डॉक्टर मोहम्मद आदिल ने उसे नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया और वीडियो शूट कर लिया.

जानकारी देते एसएसपी संजय कुमार वर्मा. (Video Credit: ETV Bharat)


बंधक बनाकर कई दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म: आरोप है कि वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी देकर आरोपी डॉक्टर और उसके साथियों ने किशोरी को ब्लैकमेल किया. 17 अगस्त को आरोपी नाजिम उसे कार से हरिद्वार-मेरठ हाईवे स्थित एक होटल और फिर शहर के सम्राट इंटर कॉलेज ले गया. वहां पीड़िता को 4-5 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और कई युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की.


पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ मुख्य आरोपी: 22 अगस्त की रात वहलना रोड के पास चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी नाजिम को मुठभेड़ के बाद पैर में गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया था. इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी डॉक्टर मोहम्मद आदिल, नदीम और सबूत मिटाने के आरोपी कामरान को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर के 'अल्फा क्लीनिक' को पूरी तरह से सीज कर दिया है.


गैंगस्टर और फास्ट ट्रैक कोर्ट से सजा की तैयारी: मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि किशोरी के अदालत में बयान दर्ज करा दिए गए हैं. मामले में पॉक्सो, सामूहिक दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं. उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट भी लगाया जाएगा. पुलिस की प्राथमिकता है कि मामले की जांच जल्द पूरी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए.

यह भी पढ़ें- कानपुर नगर निगम में SIT का छापा: 100 करोड़ के टेंडर घोटाले में 5 घंटे पूछताछ, कई अधिकारियों पर गिर सकती है गाज