ऋषिकेश में MDDA की बड़ी कार्रवाई, एक बिल्डिंग समेत दो अवैध प्लॉटिंग को किया ध्वस्त
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने ऋषिकेश में अभियान चलाया, प्राधिकरण ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 13, 2026 at 1:07 PM IST
ऋषिकेश: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने गुरुवार को ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई की है. प्राधिकरण की टीम ने एक बहुमंजिला इमारत को सील करने के साथ ही करीब 11 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को जमींदोज कर दिया.
ऋषिकेश में MDDA की बड़ी कार्रवाई: MDDA (Mussoorie-Dehradun Development Authority) की टीम ने पशुलोक निर्मल बाग की गली नंबर 10 में बनाए जा रहे एक बहुमंजिला भवन पर छापा मारा. बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रहे इस निर्माण को मौके पर ही सील कर दिया गया. इस कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज और अवर अभियंता पूनम सकलानी समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा.

एक बिल्डिंग सहित दो अवैध प्लॉटिंग को किया ध्वस्त: प्राधिकरण ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया. यहां सुनील रावत द्वारा लगभग 5 बीघा भूमि पर अवैध रूप से सड़कें और प्लॉट काटे जा रहे थे, जिन्हें जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया. संदीप रावत द्वारा करीब 6 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्यों को पूरी तरह हटा दिया गया.

एमडीडीए उपाध्यक्ष ने भूमि कब्जा करने और अवैध प्लाटिंग वालों को दी चेतावनी: MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर के सुनियोजित विकास से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने जनता से अपील की है कि नागरिक अपनी गाढ़ी कमाई निवेश करने से पहले यह जरूर जांच लें कि निर्माण या प्लाटिंग को प्राधिकरण से अनुमति मिली है या नहीं.

बिना नक्शा स्वीकृत कराए निर्माण नहीं करने की अपील: बिना मानचित्र स्वीकृति के निवेश जोखिम भरा हो सकता है. सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि यह अभियान रुकने वाला नहीं है. आने वाले दिनों में भी भूमि से संबंधित अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई जारी रहेगी.
ये भी पढ़ें: ऋषिकेश: अतिक्रमण पर एक्शन, नगर निगम और पुलिस टीम पर उड़ेली गर्म दाल, हिरासत में कई

