ETV Bharat / state

बड़ा इमामबाड़े की छत पर युवक की आपत्तिजनक हरकत; केस दर्ज, कार्रवाई की मांग

मौलाना यासूब अब्बास ने कहा कि इससे पहले भी इमामबाड़े में अनुशासनहीनता की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं.

शिया धर्मगुरुओं ने की कार्रवाई की मांग.
शिया धर्मगुरुओं ने की कार्रवाई की मांग. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 3, 2026 at 7:35 AM IST

|

Updated : January 3, 2026 at 12:50 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: शहर के ऐतिहासिक बड़े इमामबाड़े की छत पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा आपत्तिजनक हरकत किए जाने के मामले से शिया समुदाय में आक्रोश है. इस घटना को लेकर हुसैनाबाद ट्रस्ट के अधिकारी हबीबुल हसन ने चौक थाने में केस दर्ज कराया है.

एफआईआर में बताया गया है, कि बड़े इमामबाड़े की छत पर एक अनजान व्यक्ति ने आपत्तिजनक हरकत की. इससे आमजन और विशेष रूप से शिया धर्म के मानने वालों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. बड़ा इमामबाड़ा शिया समुदाय के लिए अत्यंत पवित्र और धार्मिक महत्व का स्थल माना जाता है. आरोप है, कि इस हरकत से इसकी पवित्रता भंग करने का प्रयास किया गया है. मामला सामने आने के बाद पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है.

ट्रस्ट पर लापरवाही का आरोप: मौलाना यासूब अब्बास ने बताया कि यह घटना बेहद दुखद और निंदनीय है. उन्होंने कहा कि इमामबाड़े की छत को अपवित्र करने की इस हरकत की हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं. दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं. उन्होंने हुसैनाबाद ट्रस्ट पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पर्यटक वहां जाते हैं, तो हर स्तर पर सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था होनी चाहिए.

पहले भी हुई घटनाएं: मौलाना यासूब अब्बास ने कहा कि इससे पहले भी इमामबाड़े में अनुशासनहीनता की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. कहीं रील बनाने के लिए डांस किया गया, तो कहीं आपत्तिजनक वीडियो बनाए गए. इन सभी मामलों को लेकर बार-बार हुसैनाबाद ट्रस्ट से मांग हुई कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाएं. इसके बावजूद घटना का सामने आना बेहद चिंताजनक है.

इबादत की जगह है इमामबाड़ा: शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सैयद अली जैदी ने कहा कि बड़े इमामबाड़े की छत पर इस तरह की हरकत से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं. शिया समुदाय इमामबाड़े से भावनात्मक और धार्मिक रूप से जुड़ा हुआ है. यहां इबादत की जाती है. इसकी पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है.

उन्होंने बताया कि पर्यटकों को इमामबाड़े की छत पर जूता पहनकर न जाने के निर्देश हैं. इसके लिए इमामबाड़े में नियमित ऐलान भी किया जाता है. कर्मचारियों को भी बताया गया है कि ऐसी गतिविधियों पर नजर रखें. यह घटना बताती है कि हुसैनाबाद ट्रस्ट इमामबाड़े की पवित्रता को लेकर कितना गंभीर है.

सैयद अली जैदी ने कहा कि इससे पहले भी कई मामलों में वक्फ बोर्ड ने कार्रवाई की मांग की थी. जिला प्रशासन को एडवाइजरी जारी की गई थी. डांस और रील से जुड़े वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई भी की, लेकिन अब इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जा सकती है.

लखनऊ की शान बड़ा इमामबाड़ा: बड़े इमामबाड़े का निर्माण अवध के नवाब असिफुद्दौला द्वारा कराया गया था. यह ऐतिहासिक धरोहर अपनी भव्यता, नक्काशी और वास्तुकला के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है. यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. इमामबाड़े देखने पहुंचे पर्यटकों के लिए गाइडलाइन तय की गई हैं.

यह भी पढ़ें: माघ मेला 2026 का पहला स्नान शुरू; ATS ने मोर्चा संभाला, संगम क्षेत्र नो व्हीकल जोन घोषित

Last Updated : January 3, 2026 at 12:50 PM IST