ETV Bharat / state

इन्फ्लुएंसर निशा चौहान मर्डर; प्रॉपर्टी विवाद ने छीनी एक परिवार की खुशियां, 20 साल के अटूट प्यार का खौफनाक THE END

ब्यूटीशियन और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान की पति ने प्लॉट के विवाद में चाकू से हत्या कर दी.

निशा और प्रदीप की 20 साल पहले हुई थी शादी.
निशा और प्रदीप की 20 साल पहले हुई थी शादी. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 3, 2026 at 8:25 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

मेरठ : सरूरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह प्रदीप ने अपनी पत्नी निशा (40) चौहान की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी. यह वारदात कस्बा हर्रा में एक प्लॉट की रजिस्ट्री को लेकर हुए विवाद के चलते हुई. आरोपी प्रदीप और निशा के बीच गुरुवार से ही जमीन अपने-अपने नाम कराने को लेकर झगड़ा चल रहा था. बीच-बचाव करने आया उनका बेटा भी इस हमले में घायल हो गया. वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर आत्महत्या का प्रयास किया. 20 साल के गहरे प्यार और तीन बच्चों के हंसते-खेलते परिवार का अंत इस कदर खौफनाक होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी.

​निशा चौहान मूल रूप से हापुड़ के गढ़ तहसील की रहने वाली थीं. 20 साल पहले पेशे से एसी टेक्नीशियन प्रदीप चौहान से शादी हुई थी. ग्रामीणों और करीबियों के मुताबिक, प्रदीप और निशा के बीच गहरा प्रेम था. प्रदीप ने निशा को हमेशा आगे बढ़ने के लिए सपोर्ट किया. हाल ही में उसने निशा को एक नई एक्टिवा भी गिफ्ट की थी. निशा पिछले 5 सालों से सोशल मीडिया पर एक्टिव थी और इंस्टाग्राम पर करीब 24.4 हजार फॉलोअर्स थे.

20 साल के अटूट प्यार का खौफनाक THE END. (Video Credit; ETV Bharat)

बेटी के नाम पर खोला था ब्यूटी पार्लर : निशा ने अपनी 12 वर्षीय बेटी के नाम पर एंजल ब्यूटी पार्लर खोला था. अपने दम पर उन्होंने लाखों की संपत्ति अर्जित की थी. निशा के भाई अंकित ने बताया, प्रदीप और निशा ने गांव में अपनी कोठी के पास एक प्लॉट खरीदा था. पैसा निशा ने अपनी पार्लर की कमाई से लगाया था, इसलिए वह बैनामा अपने नाम चाहती थी, जबकि प्रदीप इसे अपने नाम कराने पर अड़ा था.

चचेरे देवर की बताई थी करतूत : प्रदीप अपने चचेरे भाई विकास के बहकावे में आ गया था. विकास और उसकी पत्नी आए दिन निशा को धमकाते थे और जबरन उनके घर की तरफ एक दरवाजा खोलना चाहते थे. निशा उसका विरोध करती थी. निशा ने इस पूरे मामले में कई वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम आईडी पर भी पोस्ट की थी. ​निशा ने कुछ समय पहले ही इंस्टाग्राम पर रील पोस्ट कर अपने चचेरे देवर विकास की करतूतों के बारे में बताया था.

निशा पिछले 5 सालों से सोशल मीडिया पर एक्टिव थी.
निशा पिछले 5 सालों से सोशल मीडिया पर एक्टिव थी. (Photo Credit; ETV Bharat)

शिकायत करने पर पुलिस ने किया था प्रताड़ित : अंकित ने बताया, निशा ने तहसीलदार से लेकर पुलिस तक से शिकायत की थी, लेकिन सरूरपुर थाना पुलिस ने विकास से साठगांठ कर निशा और प्रदीप को ही थाने में बंद कर प्रताड़ित किया था. शुक्रवार की सुबह जब विकास ने फिर से उनकी तरफ दरवाजा खोला, तो निशा ने विरोध किया और प्रदीप से उसे तोड़ने को कहा. निशा स्वभाव से थोड़ी गुस्सैल थी. इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद इतना बढ़ा कि प्रदीप ने अंधाधुंध चाकू चलाकर निशा को मौत के घाट उतार दिया.

​चीखते हुए बच्चे घर से भागे : घटना के वक्त घर में मौजूद दंपति के तीनों बच्चे (बड़ा बेटा, हाईस्कूल में पढ़ने वाला छोटा बेटा और 12 साल की बेटी) खौफ से चीखते हुए बाहर भागे. बच्चों की चीखें सुनकर जब पड़ोसी पहुंचे, तो अंदर का मंजर देखकर कांप गए. चारों तरफ खून बिखरा था, निशा मृत पड़ी थी और प्रदीप भी लहूलुहान था. ​निशा के बुजुर्ग पिता धर्मपाल इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाए और उनकी भी जान चली गई.

इंस्टाग्राम पर करीब 24.4 हजार फॉलोअर्स थे.
इंस्टाग्राम पर करीब 24.4 हजार फॉलोअर्स थे. (Photo Credit; ETV Bharat)

पारिवारिक साजिश की भेंट चढ़ा परिवार : वहीं, गांव के लोग यही कह रहे थे कि एक बेहद व्यवहार कुशल और बेकसूर बहू राजनीतिक और पारिवारिक साजिश की भेंट चढ़ गई. निशा के भाई अंकित ने सरूरपुर थाना पुलिस को विकास, उसकी पत्नी और प्रदीप के खिलाफ लिखित तहरीर दी है. पुलिस ने अंकित की तहरीर पर आरोपी पति प्रदीप चौहान, चचेरे देवर विकास चौहान और विकास की पत्नी के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है.

बच्चों से पुलिस ने की पूछताछ : एसपी देहात ने बताया, सुबह थाना सरूरपुर के हर्रा इलाके से सूचना मिली थी कि एक महिला घायल अवस्था में है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल एक्टिव हुई. मौके पर थाना पुलिस के साथ-साथ स्वाट और सीसीटीवी जांचने वाली टीमें भी पहुंचीं. निशा के पति प्रदीप और घटना के चश्मदीद बच्चों (बालकों) से भी सघन पूछताछ की गई.

पति अस्पताल में भर्ती : पूछताछ के आधार पर यह सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच बीते दिन किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी आवेश में आकर पति प्रदीप चौहान ने अपनी पत्नी निशा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए. ​सीसीटीवी कैमरों और जांच से इस बात की भी पुष्टि हो रही है कि पत्नी की हत्या करने के बाद प्रदीप ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल आरोपी पति प्रदीप को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

यह भी पढ़ें : सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर निशा चौहान की हत्या; आरोपी पति ने खुद को भी नुकसान पहुंचाया