रोहतक में दिनदहाड़े महिला की हत्या, आरोपी भाई गिरफ्त में, वारदात में एक युवती भी घायल
रोहतक में उस समय सनसनी मच गई, जब सगे भाई ने अपनी बहन की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी. आरोपी गिरफ्तार

Published : December 25, 2025 at 2:42 PM IST
|Updated : December 25, 2025 at 3:12 PM IST
रोहतक: हरियाणा के रोहतक में सगे भाई ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया. माता दरवाजा चौक के पास गुरुवार को एक ब्यूटी पार्लर संचालिका के सगे भाई ने बहन की तेजधार हथियार से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी. वारदात के समय मृत महिला ब्यूटी पार्लर के अंदर ही मौजूद थी. बीच-बचाव के दौरान पार्लर पर काम करने वाली युवती पर भी हमला किया गया है. जिसके चलते युवती घायल हो गई. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआईएमएस भिजवा दिया है. जबकि घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सगे भाई ने काट दिया बहन का गला: प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कबीर कॉलोनी निवासी करीब 30 वर्षीय माया का माता दरवाजा चौक के पास ब्यूटी पार्लर है. उसकी शादी हो चुकी थी. लेकिन बाद में पति से तलाक हो गया था. वह ब्यूटी पार्लर के जरिए अपना गुजारा कर रही थी. सुबह के समय वह अपनी सहयोगी लक्ष्मी के साथ पार्लर पर मौजूद थी. तभी उसका भाई लाला पार्लर पहुंचा और किसी बात को लेकर माया के साझ झगड़ने लगा. इससे पहले की माया कुछ समझ पाती, लाला ने अपने हाथ में तेजधार हथियार से अपनी बहन पर जानलेवा हमला कर दिया. हमले के बाद माया जमीन पर गिर गई. पार्लर में मौजूद अन्य युवती ने बीच-बचाव किया तो उस पर भी आरोपी ने हमला कर दिया.
जांच में जुटी पुलिस: वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. कुछ समय बाद माया का रिश्तेदार पार्लर पहुंचा तो वारदात के बारे में पता चला. फिर पुलिस को सूचित किया गया. पुलिस मौके पर पहुंची और एसएफएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने माया के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया. घायल युवती को इलाज के लिए भर्ती कराया गया. डीएसपी रवि खुंडिया ने बताया कि "आरोपी भाई लाला को गिरफ्तार किया गया है. रिमांड पर पूछताछ की जाएगी. फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है".
ये भी पढ़ें: रेवाड़ी में युवक की बेरहमी से हत्या, दो गुटों में विवाद सुलझाने की कोशिश से भड़के, आरोपियों की तलाश जारी
ये भी पढ़ें: सिरसा में अपहरण के बाद बच्ची की हत्या, रिसालियाखेड़ा माइनर की टेल के पास मिला शव

