नालंदा में हलवाई की हत्या, बच्चों के विवाद को सुलझाना पड़ा महंगा, लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला
नालंदा में बच्चों के विवाद को शांत कराने गए हलवाई दुखीराम की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई.

Published : May 31, 2026 at 5:52 PM IST
नालंदा: नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र के गोनावां गांव में बच्चों के बीच मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. एक बुजुर्ग की पीट पीटकर हत्या कर दी गयी. जिससे एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गई. मृतक की 58 वर्षीय दुखीराम के तौर पर हुई, जिन्हें बेखौफ बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला. इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई.
बच्चे को बचाने गए थे दुखीराम: घटना के संबंध में मृतक के पुत्र रूपेश राम ने बताया कि गांव के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद बढ़ता देख मृतक दुखीराम अपने बच्चे को वहां से वापस लाने और झगड़ा शांत कराने के उद्देश्य से पहुंचे थे. इसी बीच गांव के ही मुन्नी राम और उसके परिजनों ने मिलकर उनके पिता पर अचानक हमला कर दिया.
"बच्चों को शांत करने गए थे. इसी दौरान सिर पर लाठी से जोरदार वार किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया." -रूपेश राम, मृतक का पुत्र
हलवाई का काम करते थे मृतक: ग्रामीणों ने बताया कि दुखीराम पेशे से हलवाई थे और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वे अपने पीछे सात बच्चों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. घटना के बाद से ही परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्ज़े में लिया और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. घटना के संबंध में हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौत हो गई है. पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन प्राप्त कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

"घटना की जानकारी मिली है. मामले में परिजनों की ओर से आवेदन दिया गया है. केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है." -मुकेश कुमार वर्मा, थानाध्यक्ष, हरनौत
ये भी पढ़ें:

