लव मैरिज की खौफनाक सजा! ससुर ने दामाद को मारी गोली, डेढ़ साल पहले की थी शादी
बिहार में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. लव मैरिज से नाराज पिता ने दामाद की गोली मारकर हत्या कर दी. पढ़ें

Published : January 12, 2026 at 3:41 PM IST
मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर से ऑनर किलिंग की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बेटी की लव मैरिज से नाराज पिता ने कथित तौर पर घर में घुसकर अपने दामाद की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घर में घुसकर मार डाला : घटना मुजफ्फरपुर जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के बंगरा गांव की है. मृतक की पहचान आयुष कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रविवार देर रात अचानक कुछ लोग आयुष के घर में घुस आए और उस पर गोली चला दी. गोली लगते ही आयुष गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा. परिजन उसे बचाने की कोशिश करते, इससे पहले ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
आसपास के लोगों से पूछताछ : घटना की सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच अस्पताल भेज दिया है. घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, वहीं आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
पहले दी गई थी धमकी : मृतक की पत्नी तनु कुमारी ने अपने मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. तनु ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उसने आयुष कुमार से लव मैरिज की थी. इस शादी से उसका परिवार बेहद नाराज था. शादी के बाद से ही उसे और उसके पति को कई बार जान से मारने की धमकी दी गई थी.
''रविवार देर रात मेरे पिता प्रेम कुमार, मां और मामा मिलकर अचानक ससुराल पहुंचे. पति आयुष को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई.''- तनु कुमारी, मृतक की पत्नी
परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल : तनु ने यह भी बताया कि उसका मायका और ससुराल एक-दूसरे के आसपास ही है. दंपती का आठ महीने का एक बेटा भी है, जो अब पिता के साए से हमेशा के लिए वंचित हो गया. घटना के बाद से तनु और ससुराल पक्ष सदमे में हैं और घर में कोहराम मचा हुआ है.
''मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. जो भी आरोप लगाए गए हैं, उन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.''- राजेश कुमार सिंह प्रभाकर, ग्रामीण एसपी, मुजफ्फरपुर
ये भी पढ़ें :-
मुजफ्फरपुर में लड़की की गोली मारकर हत्या, भाई ने बताई कैसे हुई पूरी घटना
मुजफ्फरपुर में दामाद ने की सास की गला रेतकर हत्या, आरोपी ने साली पर भी किया जानलेवा हमला

