WATCH; क्राइम, कबाब और कश: मेरठ पुलिस के सामने क़ातिल की 'नवाबियत', बीड़ी पीकर किया सरेंडर
पत्नी के प्रेमी की हत्या का है आरोप, मनाती-समझाती रही पुलिस, पूछा-खाना खाया कि नहीं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 3:55 PM IST
|Updated : February 26, 2026 at 5:26 PM IST
मेरठ : जिले के बहसुमा थाना क्षेत्र में सरेआम गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, गिरफ्तारी में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. आरोपी खेत में के बीच में हाथ में तमंचा लेकर खड़ा रहा. बीच-बीच में वह तमंचा लहराता रहा, जबकि पुलिस वाले उसे सरेंडर करने के लिए समझाते रहे. उसे खाने के लिए भी पूछा. काफी देर बाद वह सरेंडर के लिए तैयार हुआ, लेकिन इसके पहले उसने बीड़ी पीने की इजाजत मांगी.
बता दें कि, रामराज एरिया में बुधवार दोपहर एक युवक को बीच बाजार गोली मार दी गई थी. बाइक से आए हमलावर ने युवक को दो गोलियां मारीं थी. पहली गोली कमर पर जबकि, दूसरी कनपटी पर सटाकर मारी गई. दिनदहाड़े गोलियां चलने से बाजार में अफरातफरी मच गई थी. वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार फरार हो गया. पुलिस के अनुसार, इस हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग की रंजिश है.
मृतक की पहचान सुनील गाबा उर्फ सुरेंद्र (28), निवासी जगजीवन पुरी (रामराज) के रूप में हुई. चश्मदीदों के मुताबिक, सुरेंद्र दोपहर करीब 2:30 बजे अपनी बाइक से बहसुमा मार्केट के सनातन धर्म मंदिर के पास से गुजर रहा था. तभी पीछे से आए एक अज्ञात हमलावर ने सुरेंद्र की पीठ पर गोली मार दी. गोली लगते ही सुरेंद्र सड़क पर गिर पड़ा. इसके बाद हमलावर ने पास जाकर सुरेंद्र की कनपटी पर पिस्टल सटाकर दूसरी गोली मार दी. इससे सुरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई
मेरठ एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या प्रदीप नामक युवक ने की थी. सुनील गाबा की हत्या करने के बाद उसने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें उसने न सिर्फ हत्या करने की बात कबूली थी, बल्कि यह भी कहा कि पुलिस ने ही उसे अपराधी बनने को मजबूर किया है. वीडियो में कहा कि उसकी पत्नी को लेकर सुनील कुछ समय पहले चला गया था, जिस वजह से वह सही समय का इंतजार कर रहा था. मौका मिला तो उसकी हत्या कर दी. यह भी कहा था कि अगर किसी पुलिसकर्मी ने उसके घरवालों के खिलाफ कार्रवाई की तो वह उनका भी मर्डर कर देगा. वह अपने परिवार से बेदखल है. अगर उसके परिवार के किसी सदस्य को परेशान किया गया तो वह किसी को बख्शेगा नहीं.
इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में लग गई थी. फलावदा थाना क्षेत्र के कलावड़ा रजवाहे के पास पुलिस ने उसे घेर लिया. मौके पर कई थानों की फोर्स पहुंच गई. पुलिस ने इस गिरफ्तारी का वीडियो जारी किया है, जिसमें आरोपी प्रदीप खेत के बीच में तमंचा लिए खड़ा है. पुलिसकर्मी उसे समझा रहे हैं. यहां तक कि खाने के लिए भी पूछ रहे हैं. वह बार-बार एसएसपी को बुलाने के लिए कहता है. बीच-बीच में धमकी भी देता है. फिर भी पुलिसकर्मी कहते हैं कि उसे कोई हाथ नहीं लगाएगा, वह सरेंडर कर दे. सरेंडर से पहले वह कहता है कि बीड़ी पी लूं. इस पर पुलिस भी उसे छूट देती है. काफी मशक्कत के बाद आरोपी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया.
पत्नी बोली-सुनील से 2024 में कर ली थी शादी
दूसरी ओर उसकी पत्नी ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उसने बताया कि सुनील से उसका रिश्ता अपने पति से भी पुराना है. प्रदीप से शादी से पहले से सुनील से उसकी दोस्ती थी. 2024 में उसने सुनील से शादी कर ली थी और अब दोनों साथ रह रहे थे. उसके पहले पति ने उसकी जिंदगी बर्बाद की है.
उसने प्रदीप के बारे में कहा वह नशा करता था और उसे मारता पीटता था. साथ ही उसने यह भी बताया कि वह सट्टा खेलता था. पूनम का कहना है कि वह 7 साल पहले सुरेन्द्र गाबा के सम्पर्क में आई. बताया कि वह अपनी रिश्ते की बुआ के यहां पहले से आती रही है. इसी बीच सुनील से मुलाकात हुई. पति के अत्याचार से परेशान हो गई तो 2024 से वह सुनील के पास आ गई और दोनों साथ रहने लगे. पूनम ने कहा की शादी से पहले से दोनों दोस्त थे. धीरे-धीरे यह दोस्ती उसकी शादी के बाद प्यार में तब्दील होती चली गई. पूनम ने बताया कि उसके पहले पति ने लिखित में कहा था कि वह अब उसकी जिंदगी में दोबारा लौट कर ना आए. वह कहीं भी जा सकती है. जिसके बाद उसने सुनील के साथ रहना शुरू किया. बताया कि 2024 में उसने सुनील के साथ कोर्ट मैरिज की और उसके घर पर रामराज में रहने लगी. उसकी पहले पति से दो बेटियां हैं.
यह भी पढ़ें: मेरठ में सरेराह युवक की कनपटी पर पिस्टल सटाकर मारी गोली; ये वजह आई सामने

