नगर निकाय चुनाव 2026: मतगणना को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने की तैयारी पूरी, सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक 1309 टेबल पर होगी कॉउटिंग
रांची नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर 27 फरवरी को मतगणना होगी. 1309 टेबल पर काउंटिंग की व्यवस्था की गई है.


Published : February 25, 2026 at 7:13 PM IST
रिपोर्ट: भुवन किशोर झा
रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनाव के परिणामों पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं. राज्य के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में मतगणना 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू होगी. राज्य निर्वाचन आयोग ने इस प्रक्रिया के लिए व्यापक व्यवस्था की है, जिसमें मतगणना सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चलेगी.
धनबाद को छोड़कर सभी निकायों के परिणाम 27 फरवरी को ही
आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि धनबाद नगर निगम को छोड़कर शेष सभी नगर निकायों के परिणाम 27 फरवरी को ही देर शाम तक घोषित हो जाएंगे. उन्होंने कहा कि मतगणना को लेकर सभी आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं. राज्य भर में कुल 1309 टेबलों पर एक साथ मतगणना होगी. पार्षद और मेयर/अध्यक्ष दोनों पदों के मतों की गिनती एक साथ की जाएगी.
मतगणना की प्रक्रिया
सचिव प्रसाद के अनुसार, बैलट बॉक्स से मतपत्र निकालने के बाद सबसे पहले पार्षद और मेयर/अध्यक्ष के मतपत्रों को अलग-अलग किया जाएगा. इसके बाद इन्हें बंडल बनाकर गिनती शुरू होगी. वार्ड पार्षद की गिनती सबसे पहले पूरी की जाएगी, जिसका परिणाम स्वाभाविक रूप से पहले घोषित होगा. इसके बाद मेयर/अध्यक्ष पद के मतों की गिनती पूरी की जाएगी. अंत में रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे.
प्रमुख नगर निकायों में टेबल और चक्रों का विवरण
- रांची नगर निगम: सबसे अधिक 225 टेबल बनाए गए हैं. यहां पांच चक्रों में मतगणना पूरी हो जाएगी.
- धनबाद नगर निगम: सबसे अधिक समय लगेगा. यहां 117 टेबलों पर 9 चक्रों में गिनती पूरी होगी.
- मेदिनीनगर नगर निगम: 22 टेबलों पर 6 राउंड में मतगणना.
- हजारीबाग नगर निगम: 50 टेबलों पर मात्र 2 राउंड में गिनती पूरी.
गड़बड़ी रोकने के लिए सख्त निर्देश
मतगणना में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसको लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों को कड़े निर्देश जारी किए हैं. मतगणना स्थलों पर सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है. आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि रात 8 बजे के बाद कोई नई मतपेटी नहीं खोली जाएगी और केवल निर्धारित चक्रों के अनुसार ही वोटों की गिनती की जाएगी.
ये भी पढ़ें:

