ETV Bharat / state

नगर पालिका चुनाव: नाथद्वारा में पहली बार किन्नर प्रत्याशी चुनावी मैदान में, उदयपुर के वार्ड 60 से किन्नर मीरा राठौड़ ने भरा नामांकन

दिल्ली के पूर्व महापौर महेश खींची नाथद्वारा पहुंचे. उन्होंने कहा कि हर वर्ग को राजनीति में प्रतिनिधित्व का अधिकार है.

किन्नर समाज की महिला चुनावी मैदान में
किन्नर समाज की महिला चुनावी मैदान में (ETV Bharat Rajsamand)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 31, 2026 at 5:25 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

नाथद्वारा (राजसमंद)/उदयपुर: नाथद्वारा के चुनावी इतिहास में पहली बार किन्नर समाज की महिला चुनावी मैदान में उतरने जा रही हैं. आम आदमी पार्टी ने आगामी नगर निकाय चुनाव-2026 के लिए नाथद्वारा नगर पालिका के वार्ड नंबर 11 व 14 से सुनीता बाई किन्नर को अपना प्रत्याशी घोषित किया है. वार्ड नंबर 11 ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है. इस कारण वार्ड संख्या 14 से भी पर्चा भरा गया है. पार्टी की ओर से सुनीता बाई को टिकट प्रदान करने के लिए आम आदमी पार्टी राजस्थान के प्रदेश सह-प्रभारी एवं दिल्ली के पूर्व महापौर महेश खींची विशेष रूप से नाथद्वारा पहुंचे. वहीं उदयपुर के वार्ड 60 से किन्नर मीरा राठौड़ ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है.

सुशिक्षा और स्वच्छता पर रहेगा विशेष ध्यान: सुनीता बाई किन्नर की उम्मीदवारी की घोषणा के साथ ही नाथद्वारा की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है. स्थानीय स्तर पर इसे किन्नर समाज की राजनीतिक भागीदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. नामांकन दाखिल करने के बाद सुनीता बाई ने कहा कि "आम आदमी पार्टी बहुत बड़ी है, लेकिन उन्होंने मेरे ऊपर विश्वास जताया है उसके लिए मैं आभारी हूं. हम मिलकर काम करेंगे और सभी वार्ड वासियों की मंशा के अनुरूप स्वच्छता व शिक्षा पर विशेष काम किया जाएगा."

इसे भी पढ़ें- नगर निकाय चुनाव : आज नामांकन का आखिरी दिन, बिना सिंबल के ही उम्मीदवार दे रहे आवेदन, बड़े नामों का इंतजार

वंचित और उपेक्षित वर्गों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व: प्रभारी महेश खींची ने कहा कि आम आदमी पार्टी सामाजिक समानता, सम्मान और सभी वर्गों की भागीदारी की राजनीति में विश्वास रखती है. राजनीति में समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी बात रखने और प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम चुनाव में भी आम आदमी पार्टी ने किन्नर समाज से प्रत्याशी को टिकट दिया था, जो निगम पार्षद निर्वाचित हुए. इसी सोच के साथ पार्टी राजस्थान में भी समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का प्रयास कर रही है. खींची ने कहा कि आम आदमी पार्टी नाथद्वारा में ईमानदार, स्वच्छ एवं जनहित की राजनीति को मजबूत करने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतर रही है. पार्टी स्थानीय समस्याओं और आमजन से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएगी.

वार्ड 11 और 14 का मुकाबला हुआ रोचक: नामांकन के दौरान आप जिला अध्यक्ष गिरधारी लाल चंदेल, जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट भरतकुमार पालीवाल, जिला संगठन महासचिव पप्पूलाल कीर सहित पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे. सुनीता बाई किन्नर को टिकट दिए जाने के साथ ही वार्ड नंबर 11 व 14 का चुनावी मुकाबला भी रोचक हो गया है. अब सभी की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि नाथद्वारा की जनता किन्नर समाज से आने वाली इस प्रत्याशी को किस तरह का समर्थन देती है.

इसे भी पढ़ें- Nikay Chunav 2026: BJP प्रत्याशियों की सूची आई सामने, 5 सीटों पर अभी भी पेंच फंसा, 8 मुस्लिम चेहरों को टिकट

नगर निगम चुनाव को लेकर उदयपुर में नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है. भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के साथ ही बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी चुनाव मैदान में ताल ठोकी है. इसी बीच वार्ड 60 से किन्नर मीरा राठौड़ ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है. समर्थकों के साथ नामांकन स्थल पहुंचीं मीरा राठौड़ ने चुनाव जीतने के बाद आमजन की सेवा करने की बात कही.

किन्नर मीरा राठौड़ ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया
किन्नर मीरा राठौड़ ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)

पहली बार चुनाव मैदान में उतरीं मीरा राठौड़ : नामांकन दाखिल करने के बाद मीरा राठौड़ ने मीडिया से बातचीत की. उन्होंने कहा कि वह पहली बार चुनाव मैदान में उतरी हैं और उनका उद्देश्य जनता की सेवा करना है. उन्होंने कहा कि सरकार ने किन्नर समाज को भी बराबरी का अधिकार दिया है, ऐसे में वह पार्षद बनकर जनता के लिए काम करना चाहती हैं. मीरा राठौड़ ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से गौ सेवा से जुड़ी हुई हैं. अन्य लोगों के साथ मिलकर वह गौशाला का संचालन भी करती हैं. उन्होंने कहा कि जिस तरह वह लंबे समय से गौ सेवा कर रही हैं, उसी तरह अब राजनीति के माध्यम से आमजन की सेवा करना चाहती हैं. उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने को लेकर कहा कि किसी राजनीतिक दल के बंधन में रहने के बजाय वह स्वतंत्र रूप से जनता के मुद्दों को उठाना चाहती हैं. उनका कहना है कि निर्दलीय रहने पर वह बिना किसी दबाव के आमजन के हित में काम कर सकेंगी.