झालावाड़: चार महीने से वेतन नहीं, गुस्साए कर्मचारी नगर परिषद के गेट पर फेंकने लगे कूड़ा
प्रदर्शन के दौरान नगर परिषद सहित प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे कर्मचारियों में और नाराजगी देखने को मिली.

Published : May 27, 2026 at 2:22 PM IST
झालावाड़: राजस्थान के झालावाड़ में नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को हड़ताल कर दी, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई. चार माह से वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय के मुख्य गेट पर कूड़ा-कचरा फेंककर जमकर विरोध प्रदर्शन किया. हड़ताल के कारण कई इलाकों में कचरे के ढेर लग गए हैं, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि वेतन न मिलने से उनके परिवार की मूलभूत जरूरतें भी पूरी नहीं हो पा रही हैं. उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता, हड़ताल जारी रहेगी.
सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है. कई इलाकों में कचरे के ढेर लग गए हैं, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस दौरान नगर परिषद के आयुक्त अशोक शर्मा ने बताया कि कुछ सफाई कर्मियों का वेतन शेष है, उन्हें जल्द ही वेतन दे दिया जाएगा.
पढ़ें: मकराना में आवारा जानवरों का आतंक: विधायक गैसावत ने नगर परिषद के खिलाफ खोला मोर्चा, दिया धरना
उन्होंने बताया कि जल्द ही शहर की सफाई व्यवस्था पहले की तरह सुचारू हो जाएगी. प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों का कहना है कि पिछले चार महीनों से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है, जिसके कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने बताया कि वेतन न मिलने से उनके परिवार की मूलभूत आवश्यकताएं पूरी नहीं हो पा रही हैं. इस मौके पर कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी. इधर, प्रदर्शन के दौरान नगर परिषद सहित प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे कर्मचारियों में और नाराजगी देखने को मिली. फिलहाल, शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है और आम लोगों में भी नाराजगी बढ़ती जा रही है.

