रांची के कांके राम मंदिर से प्रोजेक्ट भवन तक बनेगा अतिक्रमण मुक्त मॉडल कॉरिडोर, एनफोर्समेंट टीमें होंगी तैनात
रांची शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम एनफोर्समेंट टीम तैनात करने जा रही है.

Published : July 2, 2026 at 8:08 PM IST
रांचीः नगर निगम ने शहर को जाम और अतिक्रमण की समस्या से राहत दिलाने के लिए कांके राम मंदिर चौक से जस्टिस एल.पी.एन. शाहदेव चौक, रातू रोड चौक, हरमू बाइपास होते हुए प्रोजेक्ट भवन तक पूरे मार्ग को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त करने का निर्णय लिया है.
नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में इस पूरे कॉरिडोर को मॉडल, सुरक्षित, स्वच्छ और हरित मार्ग के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की गई.
इस बैठक में बताया गया कि इस मार्ग पर अवैध ठेले-खोमचे, फुटपाथ पर अतिक्रमण, सड़क किनारे अवैध पार्किंग, दुकानों का सड़क तक विस्तार, अवैध होर्डिंग और ऑटो स्टैंड जैसी समस्याओं के कारण रोजाना यातायात बाधित होता है. इससे आम लोगों और पैदल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

रांची नगर निगम ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए तीन विशेष प्रवर्तन (एनफोर्समेंट) टीमों का गठन करने का निर्णय लिया है. पहली टीम शहर के अन्य क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का कार्य करेगी, दूसरी टीम मुख्य सड़कों पर जिला सड़क प्रबंधन टीम (DRMT) के साथ संयुक्त अभियान चलाएगी. वहीं तीसरी टीम कांके राम मंदिर से प्रोजेक्ट भवन तक पूरे कॉरिडोर की लगातार निगरानी करेगी, ताकि हटाए गए अतिक्रमण की दोबारा पुनरावृत्ति न हो.
बैठक में फुटपाथ निर्माण को प्राथमिकता देने का भी निर्णय लिया गया. जहां फुटपाथ उपलब्ध नहीं हैं, वहां नए फुटपाथ बनाए जाएंगे और जहां अतिक्रमण के कारण पैदल मार्ग बाधित हैं, उन्हें खाली कराया जाएगा. इसके अलावा पूरे कॉरिडोर का विस्तृत मापी सर्वे कराया जाएगा, जिससे सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके.
नगर निगम ने कॉरिडोर को आकर्षक बनाने के लिए वर्टिकल गार्डन, ग्रीन कॉरिडोर, दीवारों पर पेंटिंग और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य कराने का भी फैसला लिया है. साथ ही नागा बाबा खटाल क्षेत्र के पास स्थायी ऑटो स्टैंड विकसित किया जाएगा, जिससे सड़क पर अनावश्यक जाम की स्थिति कम हो सके.
बैठक में यह भी तय किया गया कि ऑटो चालकों या अन्य वाहन चालकों से अवैध वसूली करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ साक्ष्य के आधार पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. नगर निगम ने नागरिकों से भी अभियान में सहयोग करने और अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है.
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि कांके राम मंदिर से प्रोजेक्ट भवन तक पूरे मार्ग को सुरक्षित, स्वच्छ, हरित और जाम मुक्त मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित करना है. अभियान चरणबद्ध और लगातार चलाया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को बेहतर यातायात और सुविधाजनक शहरी वातावरण मिल सके.
इसे भी पढ़ें- रांची में सरकारी जमीनों की बड़ी रिकवरी, अब पार्क, वेंडर्स मार्केट और जनसुविधाओं का बनेगा नया नक्शा
इसे भी पढ़ें- नदियों और जलस्रोतों का अतिक्रमण करनेवालों पर होगी कार्रवाई, नगर विकास विभाग की समीक्षा में सीएम हेमंत ने दिए निर्देश
इसे भी पढ़ें- मानसून से पहले अलर्ट मोड में रांची नगर निगम, जलजमाव रोकने के लिए तैयार किया एक्शन प्लान

