रांची में बनेंगे आधुनिक वेंडिंग जोन: 205 पात्र वेंडर्स को मिलेगा स्थायी ठिकाना
रांची में स्ट्रीट वेंडर्स के पुनर्वास और शहर को व्यवस्थित करने की कवायद की जा रही है.

Published : July 21, 2026 at 6:41 PM IST
रांची: स्ट्रीट वेंडर्स के पुनर्वास और शहर को व्यवस्थित बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है. नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने मंगलवार को मोरहाबादी, टैगोर हिल और पंडरा क्षेत्र में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन वेंडिंग जोन का निरीक्षण किया.
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए. नगर निगम का उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स को केवल दुकान उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मानजनक और स्थायी आजीविका के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त वेंडिंग जोन उपलब्ध कराना है.

निरीक्षण की शुरुआत मोरहाबादी रजिस्ट्री कार्यालय के सामने बन रहे आधुनिक वेंडिंग जोन से हुई. यहां लगभग 3.26 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस परिसर में 205 स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्थायी दुकानें बनाई जा रही हैं. यहां पेयजल, आधुनिक शौचालय, चौड़े पाथ-वे, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, विद्युत व्यवस्था, लैंडस्केपिंग और गार्ड रूम जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि करीब एक एकड़ क्षेत्र को मॉडल सार्वजनिक परिसर के रूप में विकसित किया जाए, ताकि यह भविष्य में शहर की नई पहचान बन सके.
नगर आयुक्त ने कहा कि वेंडिंग जोन केवल व्यापार का केंद्र नहीं होगा, बल्कि ऐसा सार्वजनिक स्थल बनेगा जहां नागरिक सुविधापूर्वक खरीदारी कर सकें और स्ट्रीट वेंडर्स सम्मान के साथ अपना व्यवसाय संचालित कर सकें. उन्होंने आसपास की सरकारी जमीन को भी परियोजना में शामिल कर समग्र विकास योजना तैयार करने का निर्देश दिया. इसमें आकर्षक पाथ-वे, लाइटिंग, बाउंड्री वॉल, पार्किंग, हरित क्षेत्र और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी.

इस निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मान्या पैलेस से टीआरआई तक पैदल भ्रमण कर पूरे मार्ग का जायजा लिया. इंजीनियरिंग शाखा को इस मार्ग पर पेविंग ब्लॉक सहित आधुनिक पाथवे विकसित करने और होटल पार्क प्राइज से टीआरआई तक हाल ही में अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी भूमि पर योजनाबद्ध शहरी विकास का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया.

इसके बाद नगर आयुक्त टैगोर हिल के समीप बनाए गए अस्थायी वेंडिंग स्थल पहुंचे, जहां मोराबादी मैदान से हटाए गए करीब 250 स्ट्रीट वेंडर्स वर्तमान में व्यवसाय कर रहे हैं. उन्होंने यहां नियमित सफाई, पर्याप्त हाई-मास्ट और स्ट्रीट लाइट, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, शेष अतिक्रमण हटाने और हरित क्षेत्र विकसित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अस्थायी व्यवस्था होने के बावजूद नागरिक सुविधाओं से कोई समझौता नहीं होना चाहिए.

निरीक्षण के अंतिम चरण में नगर आयुक्त ने पंडरा पुल के सामने स्थित सरकारी भूमि का निरीक्षण किया. यहां ओटीसी मैदान से फ्रेंड्स कॉलोनी तक सड़क किनारे व्यवसाय कर रहे हजारों स्ट्रीट वेंडर्स के पुनर्वास के लिए नए आधुनिक वेंडिंग जोन की योजना बनाई जा रही है. इंजीनियरिंग शाखा को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए.

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि रांची नगर निगम शहर के सभी पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को चरणबद्ध तरीके से स्थायी वेंडिंग जोन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स शहर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. उनके सम्मानजनक पुनर्वास के साथ-साथ शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है. उन्होंने विश्वास जताया कि इन आधुनिक वेंडिंग जोन के विकसित होने से वेंडर्स को सुरक्षित आजीविका मिलेगी, वहीं आम नागरिकों को भी बेहतर यातायात, स्वच्छ वातावरण और व्यवस्थित बाजार की सुविधा प्राप्त होगी.

इसे भी पढ़ें- रांची के स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगी नई पहचान, 9 वेंडिंग जोन से बदलेगी शहर की सूरत
इसे भी पढ़ें- रांची में विकास योजनाओं की शुरुआत, महापौर ने आश्रयगृह, पुस्तकालय और वेंडिंग जोन का किया शिलान्यास
इसे भी पढ़ें- रांची नगर निगम सक्रियः सामुदायिक भवनों के सौंदर्यीकरण, वेंडरों के पुनर्वास और डूरंड कप की तैयारियां तेज

