चिकन खाने वाले सावधान! देहरादून में 65 मरे मुर्गों को लेकर बेचने निकला था वाहन, हो गई बड़ी कार्रवाई
देहरादून नगर निगम ने वाहन में 65 मृत मुर्गों को पकड़ा, चालक के खिलाफ की चालानी कार्रवाई, मुर्गों को किया डिस्पोज

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 5, 2026 at 7:47 PM IST
देहरादून: अगर आप भी चिकन खाने का शौक रखते हैं तो आप सावधान हो जाएं, क्योंकि देहरादून में अब जो मुर्गे आ रहे हैं, वो मृत आ रहे हैं. जो खाने वाले लोगों के लिए खतरनाक और शरीर में कोई भी बीमारी हो सकती है. जी हां, देहरादून में आज नगर निगम की टीम ने मुर्गे की गाड़ी का पीछा किया तो चालक गाड़ी भगाने लगा. आखिर में उसे रोका गया तो उसमें 65 मृत मुर्गे मिले. जिस पर मृत मुर्गों को डिस्पोज कर चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई.
दरअसल, आज यानी 5 जनवरी की सुबह देहरादून नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी अविनाश खन्ना शहर में राउंड लगा रहे थे. तभी सामने मुर्गियों से भरा वाहन गुजरा. जिसका निरीक्षण करने पर पाया गया कि उसमें मृत मुर्गे भी मौजूद थे. ऐसे में नगर निगम की टीम ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने मौके से फरार होने की कोशिश की और परेड ग्राउंड में नो एंट्री की साइड मोड कर वाहन लेकर भाग निकला.
वाहन में मरे हुए मिले 65 मुर्गे: वहीं, वाहन का पीछा किया गया. जिसके तहत रायपुर रोड स्थित चुन्ना भट्टा पर वाहन को इंटरसेप्ट कर रोका गया. जब वाहन से मृत मुर्गों को हटाने की कार्रवाई की गई तो एक के बाद एक कर 65 मृत मुर्गे निकले. जिस पर मृत मुर्गों को वाहन से हटाकर उन्हें नियमानुसार डिस्पोज किया गया. जबकि, मौके पर नगर निगम की टीम ने वाहन चालक का चालान किया गया.
"जिस तरह की घटना आज सामने आई है तो अब नगर निगम की टीम की ओर से ऐसे वाहनों की चेकिंग करने के साथ दुकानों में रखे मुर्गों की भी जांच की जाएगी."- अविनाश खन्ना, स्वास्थ्य अधिकारी, देहरादून नगर निगम
मुर्गियों से हो सकते कई बीमारियां: बता दें कि अक्सर मुर्गियों या अन्य पक्षियों में बर्ड फ्लू (H5N1 Avian Influenza Virus) के मामले सामने आते रहते हैं. जिससे वो बीमार हो जाते हैं, साथ ही उनकी मौत हो जाती है. बर्ड फ्लू से ग्रसित मुर्गे के मांस या अंडे खाने से इंसान की सेहत खराब हो सकती है. ऐसे में इन मांस को खाना खतरनाक हो सकता है. यही वजह है कि कहीं भी बर्ड फ्लू का केस मिलने पर मुर्गियों को मारकर दफना या नष्ट कर दिया जाता है.
ये भी पढ़ें-

