ETV Bharat / state

'मेरे बेटे को ला दो..' पाकिस्तान बॉर्डर पर मिला 2 साल से लापता बिहार का युवक

दो साल से लापता मुंगेर का युवक पाकिस्तान बॉर्डर पर मिला. अब परिवार के लोग उसे वापस लाने की प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं.

Munger Youth Missing
धर्मेंद्र की मां (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 9, 2026 at 4:21 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मुंगेर: दो साल पहले 50 रुपये लेकर घर से निकला युवक जम्मू-कश्मीर में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर मिला. इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली. युवक के सुरक्षित मिलने की खबर से जहां परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं अब उसे वापस घर लाने की चिंता सता रही है.

उम्मीदें लगभग टूट चुकी थीं: जानकारी के अनुसार बासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चंडी स्थान निषाद टोला वार्ड संख्या-5 निवासी 27 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार करीब दो वर्ष पहले घर से लापता हो गया था. परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र मानसिक रूप से विक्षिप्त है. 19 अगस्त 2024 को वह घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा.

Munger Youth Missing
धर्मेंद्र के पिता (ETV Bharat)

किसी चमत्कार से कम नहीं: मां मुन्नी देवी ने कहा कि बेटे के जीवित मिलने की खबर उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है. हालांकि अब सबसे बड़ी चिंता उसे वापस घर लाने की है, क्योंकि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है.

50 रुपया लेकर निकला था: मां बताती हैं कि '50 रुपया लेकर किसी काम से घर से बाहर गया था. दो साल तक लौट कर नहीं आया. काफी खोजबीन करने के बावजूद कुछ पता नहीं चला. रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. समय बीतने के साथ परिवार की उम्मीदें लगभग टूट चुकी थीं.

Munger Youth Missing
धर्मेंद्र के भाई (ETV Bharat)

"मेरे दो बेटा हैं, जिसमें धर्मेंद्र छोटा है. मानसिक रूप से बीमार है. दो साल पहले चला गया था, फिर लौटकर नहीं आया. हम उसे घर लाना चाहते हैं. हमारी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है. सरकार से मांग करते हैं कि मेरे बेटे को वापस ला दे. डीएम साहब से भी अपील किए हैं." -मुन्नी देवी, धर्मेंद्र की मां

बॉर्डर एरिया में घूमते मिला: बासुदेवपुर थाना के अनुसार युवक जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान सीमा के समीप सेना कैंप क्षेत्र में संदिग्ध हालत में घूमता मिला. जवानों ने उसे पकड़कर पूछताछ की. शुरुआत में उसकी गतिविधियों को लेकर संदेह हुआ, लेकिन बातचीत के दौरान जवानों को उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लगी. इसके बाद सेना और स्थानीय पुलिस ने उसकी पहचान पता लगाने की कोशिश शुरू की. जांच में पता चला कि युवक बिहार के मुंगेर जिले के बासुदेवपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है.

पुलिस ने घर पहुंचकर दी जानकारी: इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मुंगेर पुलिस से संपर्क किया. जब बासुदेवपुर थाना पुलिस युवक की तस्वीर लेकर गांव पहुंची तो परिजन पहले घबरा गए, लेकिन तस्वीर देखते ही मां मुन्नी देवी, पिता शत्रोहन साहनी और अन्य परिजन भावुक हो उठे. परिवार ने तुरंत धर्मेंद्र को पहचान लिया और उसकी सलामती की जानकारी ली. पुलिस ने परिवार को बताया कि धर्मेंद्र जम्मू-कश्मीर के लालपोरा थाना क्षेत्र के कोहवारा इलाके में स्थानीय पुलिस की निगरानी में सुरक्षित है.

प्रशासन से वापस लाने की गुहार: परिजनों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है. धर्मेंद्र के पिता शत्रोहन साहनी मजदूरी और मछली पकड़कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं. कच्चे मकान में रहने वाला यह परिवार अब जिला प्रशासन और बिहार सरकार से मदद की गुहार लगा रहा है, ताकि धर्मेंद्र को सुरक्षित वापस मुंगेर लाया जा सके.

ये भी पढ़ें:

'मेरे पापा को ढूंढ दो.. नेपाल से पटना के लिए निकले थे', पिता की तलाश में मेलबर्न से पहुंचा बेटा

8 साल से गायब था सुधीर, घरवालों ने कर दिया था श्राद्ध.. शराब ने पहुंचाया घर