मुंबई के साड़ी कारोबारी का आगरा से अपहरण; हाथरस में बंधक बनाकर रखा, वसूले 1.20 लाख
डीसीपी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि यह सीधे अपहरण से जुड़ा केस नहीं है. कारोबारी का कुछ लोगों से लेन-देन का विवाद था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 8, 2026 at 11:15 AM IST
आगरा: शहर के भीड़भाड़ चौराहे से कार सवार बदमाशों ने मुंबई के साड़ी कारोबारी को किडनैप कर लिया. उन्हें एत्माउद्दौला थाना क्षेत्र के रामबाग चौराहे से किडनैप करके हाथरस ले जाया गया. वहां बंधक बनाकर मारपीट की गई. परिचितों से 1.20 लाख रुपए फिरौती लेकर कारोबारी को छोड़ दिया गया. वापस लौटे कारोबारी ने आगरा के परिचित व्यापारियों को घटना की जानकारी दी. तब बुधवार देर रात पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की.
डीसीपी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि यह मामला सीधे-सीधे अपहरण से जुड़ा नहीं है. कारोबारी का कुछ लोगों से लेन-देन का विवाद था. उन्होंने ही पैसे वसूलने के लिए कारोबारी को अगवा किया था. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है. पुलिस टीम ने 4 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के बाद ही सभी जानकारियां सामने आएंगी.
जबरन कार में बैठाया: डीसीपी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे की है. मुंबई निवासी साड़ी कारोबारी सतीश अग्रवाल (66) ने बताया कि मेरी सुचिता फैब्रीक्रेट्स के नाम से फर्म है. साड़ी का कारोबार है. 5 साल से आगरा के कपड़ा कारोबारियों के साथ व्यापार कर रहे हैं.
साड़ी कारोबारी ने एत्माउदद्दौला पुलिस को बताया कि मंगलवार को कारोबार के सिलसिले में आगरा आए. छत्ता थाना क्षेत्र में दरेसी स्थित एक होटल में ठहरे. बुधवार को दिल्ली के परिचित कारोबारी विकास अग्रवाल ने फोन करके यमुनापार में रामबाग में मिलने के लिए बुलाया.
उन्होंने बताया कि मैं आटो से रामबाग पर पहुंचा और एक दुकान पर खड़े होकर परिचित का इंतजार करने लगा. विकास को कई बार कॉल किए. मगर, उसने कॉल रिसीव नहीं की. तभी नीले रंग की गाड़ी आई और उन्होंने मुझे जबरन कार में बैठाया. इसके बाद मुझे होश नहीं है. जब होश आया तो एक खेत में था.
पैसे मंगवाकर मुझे छोड़ा: कारोबारी सतीश अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि मुझे 7 से 8 लोगों ने बंधक बनाकर रखा था. जब मैंने उनसे पकड़ने का कारण पूछा तो उन्होंने पिटाई शुरू कर दी. लात-घूंसों से पिटाई की और पैसों की डिमांड करने लगे.
मेरी तलाशी ली तो 850 रुपए ही मिले. इस पर जब मैंने अपहरणकर्ताओं से पैसे नहीं होने की बात कही तो बेरहमी से पीटा गया. इसके बाद मेरे दामाद को फोन करके रकम मांगी. मगर, दादाम के पास भी पैसे नहीं थे. इस पर उन्होंने परिचित एजेंट से आरोपियों के बताए बैंक खाता में 1.20 लाख रुपए जमा कराए.
इसके बाद खेत से आरोपी मुझे मुख्य सड़क पर छोड़कर फरार हो गए. इसके बाद में एक राहगीर की मदद ली. राहगीर ने मुझे बताया कि मैं हाथरस के सादाबाद में हूं. सादाबाद बस स्टैंड पर राहगीरों से 50 रुपए मांगकर किराया देकर दरेसी होटल पहुंचा. यहां व्यापारियों को घटना की जानकारी दी.
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी: मुंबई के कारोबारी का अपहरण और फिरौती की जानकारी पर व्यापारी नेता टीएन अग्रवाल और अन्य व्यापारी बुधवार रात सतीश अग्रवाल के साथ थाना एत्मादउद्दौला पहुंचे. पुलिस को अपहरण और वसूली की जानकारी दी.
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि साड़ी कारोबारी सतीश अग्रवाल की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. रामबाग और आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं.
इसके साथ ही जिस बैंक खाते में रुपए मंगवाए गए थे. उसकी छानबीन की गई है. साक्ष्यों के आधार पर 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

