90 साल के बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर 2.5 करोड़ की साइबर ठगी, 2000 किमी पीछा कर बैंक खाता देने वाला पकड़ा
पुलिस ने कुछ बैंक म्यूल बैंक खातों को फ्रीज करवाकर उनमें जमा पीड़ित के 42 लाख रुपए होल्ड करवाए.

Published : October 12, 2026 at 7:59 AM IST
जयपुर: 90 साल के एक बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर 2.5 करोड़ रुपए की साइबर ठगी की वारदात के बाद रकम ठिकाने लगाने के लिए बैंक खाता मुहैया करवाने वाले शख्स को जयपुर की ज्योति नगर थाना पुलिस ने दो हजार किमी तक पीछा कर दबोचा है. खुद के खाते में रकम आने के बाद उसने चैक से रकम निकाली थी. इस मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर 42 लाख रुपए की रकम होल्ड करवाई. यह रकम रिफंड करवाने की कवायद जारी है. इस मामले में असम के काकरीपारा निवासी 26 वर्षीय राहुल हुसैन को पुलिस ने असम के मनकाचार से गिरफ्तार किया है. उसे ट्रांजिट रिमांड पर जयपुर लाया गया. अब रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी है.
सीबीआई और आरबीआई अधिकारी बनकर धमकाया: जयपुर (दक्षिण) डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि 12 अगस्त, 2026 को रविंद्र सिंह मोहनोत ने ज्योति नगर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके 90 साल के मामा गणपत सिंह भंडारी को 28 जुलाई को एक अनजान नंबर से वीडियो कॉल आया. कॉल करने वाला शख्स पुलिस की वर्दी में था. उसने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताकर बात की और मुंबई में 50 करोड़ रुपए के हवाला ट्रांजेक्शन के मामले में पीड़ित का नाम आने का हवाला देकर उन्हें डराया. उसने धमकाते हुए बताया कि इस रकम में से कुछ राशि उनके बैंक खाते में जमा हुई है.
परिवार के लोगों को कुछ भी बताने से किया मना: कॉल करने वाले ने सहयोग नहीं करने पर मुंबई ले जाकर पूछताछ करने का डर दिखाया और परिवार में किसी को भी इस बारे में बताने से इनकार किया. कुछ समय बाद दूसरे नंबर से कॉल आया और कॉल करने वाले ने खुद को आरबीआई का अधिकारी बताया. उसने पीड़ित के म्युचुअल फंड से जुड़ी जानकारी जुटाई. इसके बाद उन्होंने कई बार में 2.5 करोड़ की रकम अलग-अलग बैंक खातों में जमा करवाई. इस रिपोर्ट के आधार पर ज्योति नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर थानाधिकारी गुंजन वर्मा ने जांच शुरू की.
असम से पकड़ा, ट्रांजिट रिमांड पर जयपुर लाए: जांच में सामने आया कि पीड़ित के बैंक खाते से रकम सैकड़ों बैंक खातों में अलग-अलग स्तर पर ट्रांसफर हुई. पुलिस ने इनमें से कुछ बैंक खातों को फ्रीज करवाकर उनमें जमा 42 लाख रुपए होल्ड करवाए. बैंक स्टेटमेंट की जांच में सामने आया कि साइबर ठगी की राशि में से करीब 28 लाख रुपए राहुल हुसैन के बैंक खाते में ट्रांसफर हुई है. उसे असम के मनकाचार से गिरफ्तार किया गया. जयपुर लाकर कोर्ट में पेश करने के बाद उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी है.
इसे भी पढ़ें: डिजिटल अरेस्ट कर 24 लाख की ठगी: गिरोह को बैंक खाते देने वाली गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, एक कजाकिस्तान से एमबीबीएस
अकेले रहने वाले बुजुर्गों को बनाते हैं निशाना: उन्होंने बताया कि इस वारदात में ठगी का शिकार हुए पीड़ित 90 साल के बुजुर्ग हैं. सामान्यतः साइबर अपराधी बुजुर्गों को निशाना बनाते हैं. उन्हें डरा धमकाकर उन पर डिजिटली निगरानी रखी जाती है. आमतौर पर अकेले रहने वाले लोग साइबर ठगों के जाल में फंस जाते हैं और उनकी बातों पर भरोसा कर लेते हैं. उन्हें अपराधी भ्रम में रखते हैं और किसी से भी इस विषय पर बात करने से भी मना कर देते हैं. उन्होंने आमजन से ऐसे मामलों में सावधानी बरतने की अपील की है.

