ETV Bharat / state

बिहार में मुखिया की हत्या, अपराधियों ने कनपटी में मारी गोली

बिहार में जन प्रतिनिधि को भी अपराधी निशाना बनाने से नहीं चूकते हैं. एक बार फिर से मुखिया की हत्या की गई है.

MURDER IN SIWAN
कॉसेप्ट फोटो (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : December 3, 2025 at 7:23 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सिवान : भले सरकार कहे कि अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है. पर सच्चाई यह है कि बिहार में अपराधियों का तांडव लगातार जारी है. इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मुखिया को गोलियों से भून दिया जाता है. कुछ ऐसा ही नजारा सिवान में देखने को मिला है.

सिवान में मुखिया की हत्या : रघुनाथपुर के फुलवरिया मोड़ के समीप वारदात को अंजाम दिया गया है. मृतक की शिनाख्त राधा साह के रूप में हुई है. मृतक गोपी पत्तियांव पंचायत के मुखिया थे. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है.

बाजार से घर लौटने के दौरान वारदात : बताया जाता है कि, बाजार से खरीदारी करके मुखिया राधा साह घर लौट रहे थे. फुलवरिया मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि अपराधियों ने उनपर फायरिंग कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. आनन-फानन में स्थानीय लोगों के द्वारा राधा साह को रघुनाथपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

''मुखिया की गोली मारकर हत्या हुई है. कनपटी में सटाकर गोली मारी गई है, जिससे उनकी मौत हो गई है. पूरे मामले की जांच चल रही है. जल्दी अपराधी पकड़े जाएंगे.''- मनोज कुमार, रघुनाथपुर थाना प्रभारी

कनपटी में मारी गोली : प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक बाइक पर मुखिया सहित तीन लोग सवार होकर आ रहे थे. बीच में मुखिया बैठे हुए थे. तभी सामने से बुलेट गाड़ी पर दो की संख्या में अपराधी आए और पहले बाइक रुकवाई. उनके कनपटी में सटाकर गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई. उसके बाद अपराधी आराम से भागने में सफल रहे.

जांच में जुटी पुलिस : हत्या के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है. वहीं घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. हालांकि जिस प्रकार से वारदात को अंजाम दिया गया है उससे दहशत का माहोल व्याप्त है. अंदरखाने लोग राजनीतिक रंजिश की बात करने लगे हैं. इधर पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाकर रखी हुई है.

लोगों में है काफी गुस्सा : घटना के बाद से मुखिया के समर्थकों में आक्रोश व्याप्त है. वह घटना में शामिल अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सजा की मांग कर रहे हैं. मृतक राधा साह के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घटना का किया विरोध : इधर, रघुनाथपुर में गुठनी मांझी मुख्य पथ पर अस्पताल गेट पर मृत मुखिया के शव को रखकर प्रखंड के सभी मुखिया सहित सैकडों ग्रामीणों ने रोष प्रकट किया. जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया.

ये भी पढ़ें :-

सीतामढ़ी में मुखिया की हत्या, पत्नी को भी मारी गोली

समस्तीपुर में मुखिया की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने काटा बवाल