मुड़िया पूर्णिमा मेला, मथुरा में चलेंगी 1000 रोडवेज बसें; 50 रुपये रहेगा टिकट, जानिये क्या है UPSRTC की प्लानिंग?
आगरा परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने दी जानकारी.


By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 8, 2026 at 7:26 PM IST
आगरा : कान्हा की नगरी मथुरा के गोवर्धन में लगने वाले मुड़िया पूर्णिमा मेला को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. गोवर्धन में 23 से 30 जुलाई तक मुड़िया पूर्णिमा मेला में श्रद्धालुओं के लिए 1000 रोडवेज बसें संचालित की जाएंगी, जिससे मुड़िया मेला में आए श्रद्धालुओं को गोवर्धन पहुंचाने व वापस लौटने में कोई परेशानी ना हो. ईटीवी भारत से बातचीत में आगरा परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने मुड़िया पूर्णिमा मेला को लेकर तैयारियों की जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी मुड़िया पूर्णिमा मेला को लेकर पूरी तरह तैयारी कर ली गई है. इस साल मेला 23 से 30 जुलाई तक चलेगा. जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं.
उन्होंने बताया कि मथुरा और गोवर्धन में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर परिवहन व्यवस्था को लेकर रोडवेज ने 1100 बसों का बेड़ा तैयार किया है. इसके साथ ही 100 रोडवेज बसें रिजर्व में रहेंगी.
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही मेला क्षेत्र में किसी भी तरह की समस्या और जाम की स्थिति को लेकर इंटरसेप्टर, क्यूआरटी टीम भी तैनात रहेगी, जो तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाल लेंगी.
उन्होंने बताया कि मुड़िया पूर्णिमा मेला के लिए आगरा परिक्षेत्र की 250 रोडवेज बसें और प्रदेश के छह परिक्षेत्रों की 750 बसें मुड़िया मेले के लिए लगाई जाएंगी. जिन छह परिक्षेत्रों से बसें आ रही हैं, उनके एक-एक एआरएम भी मेला ड्यूटी के लिए आएंगे. हर बस पर दो ड्राइवर तैनात किए जाएंगे. रोडवेज ने व्यवस्था की दृष्टि से मेले को छह जोन में बांटा है.
उन्होंने बताया कि प्रत्येक जोन की कमान एक एआरएम पर रहेगी. उनके साथ आधा दर्जन से अधिक स्टाफ के लोग रहेंगे. मेले के दौरान सभी कर्मचारियों की ड्यूटी 24 घंटे रहेगी. पिछले साल रोडवेज की बसों ने मेला की अवधि में करीब पांच करोड़ रुपये का राजस्व कमाया था. इस साल तो इससे अधिक के राजस्व की संभावना है.
उन्होंने बताया कि मुड़िया पूर्णिमा मेले के लिए श्रद्धालुओं को रोडवेज बसें मथुरा जंक्शन स्टेशन की सेकेंड एंट्री से मिलेगी. इसी तरह गिरिराज महाराज के दर्शन व परिक्रमा के बाद भक्तों को मथुरा वापस लाने वाली रोडवेज बस स्टेशन की धौली प्याऊ की ओर स्थित थर्ड एंट्री पर उतारेंगी.
उन्होंने बताया कि इस साल मथुरा से गोवर्धन तक का एक तरफ का किराया 50 रुपये तय किया गया है. मथुरा से गोवर्धन जाने वाली बस अडींग होकर जाएगी और वापसी में बस सौंख होकर आएगी. मुड़िया पूर्णिमा मेले के लिए रेलवे ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस साल मेले के लिए रेलवे भी कई ट्रेनों का विस्तार मथुरा जंक्शन तक करेगा. जिससे मेले में आए श्रद्धालु की भीड़ को नियंत्रित किया जाए. इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए मेला स्पेशल ट्रेन भी रेलवे चलाएगा. मथुरा जंक्शन स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर बनाए जाने के साथ ही अधिकारियों की ड्यूटी 'राउंड द क्लॉक' लगाई जाएगी. आरपीएफ और जीआरपी के जवानों की संख्या बढ़ाई जाएगी.
बता दें कि उप्र के मथुरा के गोवर्धन में विश्व प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेला इस साल 23 से 30 जुलाई तक आयोजित होगा. हर साल गुरु पूर्णिमा पर लगने वाले इस मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, जो गोवर्धन में गिरिराज महाराज की सात कोसी परिक्रमा करते हैं. मथुरा और गोवर्धन में करोड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है. इस बार मेले में पिछले साल से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. बीते साल ही मेले में लगभग डेढ़ करोड़ श्रद्धालु पहुंचे थे.

