MPPSC में अभ्यर्थी नहीं लगा पाएंगे 'तुक्का', 2026 का शेड्यूल जारी, 155 पदों पर होगी भर्ती
एमपीपीएससी 2026 में डिप्टी कलेक्टर के 17 और डीएसपी के 18 पदों समेत 155 पदों पर होगी भर्ती. प्रारंभिक परीक्षा में होगी निगेटिव मार्किंग.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 6:44 PM IST
भोपाल: राज्य प्रशासनिक सेवाओं में शामिल होने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने राज्य प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2026 के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 जनवरी 2026 से शुरू होकर 9 फरवरी 2026 तक चलेगी.
आयोग ने साफ किया है कि इस बार आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे. राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा में अब निगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी लागू रहेगा.
केवल ऑनलाइन ही करना होगा आवेदन
एमपीपीएससी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य सेवा परीक्षा 2026 के माध्यम से डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर भर्ती की जाएगी. आयोग ने बताया कि आवेदन एमपीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट या एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही भरे जा सकेंगे. ऑफलाइन आवेदन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे.

डिप्टी कलेक्टर के 17 और डीएसपी के 18 पदों पर भर्ती
एमपीपीएससी विभिन्न विभागों के 155 पदों पर भर्ती करने जा रही है. इनमें डिप्टी कलेक्टर स्तर के 17 पद और पुलिस विभाग में डीएसपी के 18 पद शामिल हैं. इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग में 39 पद, सहकारिता विस्तार अधिकारी के 16 पद, अतिरिक्त सहायक विकास आयुक्त के 15 पद और एक्साइज सब इंस्पेक्टर के 10 पद भी इस परीक्षा के दायरे में रखे गए हैं. नगर प्रशासन, जनसंपर्क, जनजातीय कार्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम विभाग और राजस्व विभाग से जुड़े अन्य पद भी भर्ती सूची में शामिल हैं.


योग्यता और आयु सीमा का पैमाना
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सभी पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक होना अनिवार्य रखा गया है. आयु सीमा पदों के अनुसार तय की गई है. गैर-वर्दीधारी पदों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष रखी गई है. वहीं वर्दीधारी पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 33 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी.
- MPPSC मुख्य परीक्षा जल्द होगी? जबलपुर हाई कोर्ट ने मांगा एग्जाम शेड्यूल
- MPPSC के 13% रिजल्ट होल्ड पर हाईकोर्ट सख्त, 50 हजार के जुर्माने के साथ सरकार को कड़े निर्देश
3 चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
एमपीपीएससी राज्य सेवा परीक्षा 2026 की चयन प्रक्रिया 3 चरणों में पूरी होगी. पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी. इसके बाद मुख्य परीक्षा होगी और अंतिम चरण में इंटरव्यू के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस बार परीक्षा में निगेटिव मार्किंग लागू होगी, इसलिए उम्मीदवारों को सावधानी से प्रश्नों के उत्तर देने होंगे.

