मार्च लगते ही चढ़ा पारा, दिन-रात का तापमान औसत से ऊपर, होली में रंग घोल सकती है बारिश
मध्य प्रदेश में गर्मी दिखाने लगी तेवर, दिन और रात के तापमान में हुई बढ़ोतरी, खरगोन में पारा 35.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 2, 2026 at 10:43 AM IST
रिपोर्ट: विश्वास चतुर्वेदी
भोपाल: मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत होते ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. दिन के साथ रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर चल रहा है. दोपहर में तेज धूप लोगों को अप्रैल जैसी गर्मी का अहसास करा रही है. हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि होली के आसपास मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जिससे होली से रंग पंचमी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश या गरज-चमक की स्थिति बन सकती है.
इसलिए मौसम में बदलाव के संकेत
मौसम वैज्ञानिक दिव्या ई सुरेंद्रन ने बताया कि, ''तमिलनाडु से लेकर मराठवाड़ा और विदर्भ तक निचले स्तर पर एक लंबी ट्रफ बनी हुई है, जो जमीन से लगभग 1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली है. इसकी वजह से दक्षिण और मध्य भारत में बादल बनने और हल्की बारिश की संभावना बन रही है. वहीं गुजरात तट और उत्तर-पूर्व अरब सागर के ऊपर 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिससे पश्चिमी भारत के मौसम में बदलाव के संकेत हैं.''

एमपी का तापमान गिराएगी उत्तर भारत में बर्फबारी
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि, उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर 12 से 13 किलोमीटर की ऊंचाई पर तेज रफ्तार पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जिसकी गति करीब 120 बताई जा रही है. इसके अलावा 4 मार्च 2026 की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है. इसका असर मध्य प्रदेश तक पहुंचने की संभावना है. बताया जा रहा है कि इस सिस्टम के प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर तेज बारिश और बर्फबारी हो सकती है. जिससे मध्यप्रदेश के मौसम में भी बदलाव होगा.
- शिवपुरी में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि, आसमान से आफत गिरने से फसलों को भारी नुकसान
- मध्य प्रदेश में तेजी से बदल रहा मौसम, बीमारियों से बचने कर लें तैयारी, छोटी सी मिस्टेक पड़ेगी भारी
- 10 दिन बाद फिर बेमौसम बारिश, रतलाम-मंदसौर में फसलें बर्बाद, अफीम उत्पादक किसान चिंतित
मार्च के पहले ही दिन पारा 35 के पार
प्रदेश में अभी पश्चिमी राजस्थान और आसपास सक्रिय ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण तथा उससे पश्चिमी मध्य प्रदेश होते हुए विदर्भ तक बनी ट्रफ लाइन के कारण मौसम में अस्थिरता बढ़ रही है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि, आने वाले तीन से चार दिनों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा.
मार्च के पहले ही दिन प्रदेश में गर्मी का असर साफ नजर आया. निमाड़ क्षेत्र के खरगोन में पारा 35.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में भी दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी की संभावना जताई है.
होली में नहीं पड़ेगी पिचकारी कि जरुरत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 4 मार्च के बाद नया मौसम तंत्र सक्रिय होने से तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. ऐसे में होली या रंगपंचमी के आसपास प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की स्थिति बन सकती है. ऐसे में इस बार होली पर रंगों के साथ बादलों की पिचकारी भी देखने को मिल सकती है.

