ETV Bharat / state

कड़ाके की ठंड से कांपा मध्य प्रदेश, नौगांव में पारा 3 डिग्री, कोहरे की सफेद चादर में ढके कई शहर

मध्य प्रदेश में साल के अंत में ठंड दिखा रही विकराल रूप, नौगांव 3 डिग्री पहुंचा पारा, कोहरे की सफेद चादर में ढके कई शहर.

MADHYA PRADESH SEVERE COLD
कड़ाके की ठंड से कांपा मध्य प्रदेश (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : December 30, 2025 at 1:06 PM IST

|

Updated : December 30, 2025 at 6:34 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर चल रही है. मंगलवार सुबह ग्वालियर संभाग में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई. मौसम विभाग के मुताबिक नौगांव प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. भोपाल, उमरिया और नौगांव में शीतलहर का प्रभाव देखा गया. वहीं ग्वालियर, खजुराहो, रीवा और दतिया में कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है.

ग्वालियर में दृश्यता हुई शून्य

सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात 28 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ. भोपाल, उमरिया और नौगांव का न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया. इन शहरों में बीती रात शीतलहर का प्रभाव रहा. वहीं मंगलवार सुबह ग्वालियर-चंबल और रीवा संभाग में कोहरे का असर रहा. सुबह 6 बजे ग्वालियर में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी शून्य हो गई. जिससे सामने खड़े व्यक्ति को देख पाना भी मुश्किल हो गया. वहीं खजुराहो, रीवा और दतिया में 50 मीटर विजिबिलिटी देखी गई. जबकि सतना में 200 मीटर और सीधी, नौगांव में 500 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई.

MADHYA PRADESH COLD WAVE ALERT
लोगों को लेना पड़ रहा अलाव का सहारा (Getty Image)

मौसम में हो सकता है बदलाव

मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि "मध्य क्षोभमंडल में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो पश्चिमी हवाओं में ट्रफ के रूप में माध्य समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 52 डिग्री पूर्व देशांतर के आसपास 30 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में स्थित है. वहीं दक्षिण राजस्थान के ऊपर 12.6 किमी उंचाई पर उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम की तेज हवाएं लगभग 287 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही है. इसके अतिरिक्त, एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर 60 डिग्री पूर्व देशांतर के पास स्थित था, जो अब पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा की ओर अग्रसर हो चुका है. इन प्रणालियों के प्रभाव से मौसम में बदलाव के संकेत हैं.

नौगांव में पारा 3 डिग्री पर आया

प्रदेश में बीती रात नौगांव सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बीती रात उमरिया में 3.1 डिग्री, खजुराहो 4.4 डिग्री, राजगढ़ 4.6 डिग्री और पचमढ़ी में 4.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. रीवा और मंडला में पारा 5 डिग्री, सतना 5.2, भोपाल 5.6 और दतिया 5.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा. इसी तरह मलाजखंड में 5.8, छिंदवाड़ा 6, ग्वालियर व इंदौर 6.6, उज्जैन 6.5 और जबलपुर में 7 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.

MADHYA PRADESH WEATHER FORECAST
कोहरे की वजह से विजिबिलिटी हुई कम (ETV Bharat)

शताब्दी एक्सप्रेस पटरी से उतरा शेड्यूल

ठंड और कोहरे का असर ट्रेनों पर भी देखने को मिल रहा है. दिल्ली-भोपाल रूट पर चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस एक बार फिर कोहरे की भेंट चढ़ गई. नई दिल्ली से सुबह 6 बजे रवाना होने वाली 12002 शताब्दी एक्सप्रेस तय समय से करीब तीन घंटे देरी से भोपाल पहुंची. इसका सीधा असर वापसी सेवा पर पड़ा और 12001 शताब्दी एक्सप्रेस भी करीब तीन घंटे लेट रवाना हुई. पिछले एक हफ्ते से ट्रेन के नियमित रूप से देरी से चलने के कारण यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेनें छूटीं और जरूरी काम प्रभावित हुए.

MP NOWGONG 3 DEGREE TEMPERATURE
बीती रात प्रदेश के शहरों को न्यूनतम तापमान (ETV Bharat Info)

भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि "वर्तमान में कोहरे की वजह से यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए देरी से चल रही हैं. इसलिए यात्रियों को सलाह है कि वो अपने घर से ट्रेन का शेड्यूल देखकर ही निकलें."

आसमान पर भी कोहरे का असर, 3 उड़ानें रद्द

भोपाल एयरपोर्ट के डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि "दिल्ली और आसपास के इलाकों में खराब मौसम के कारण सोमवार को हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ. दिल्ली से भोपाल आने वाली इंडिगो की 3 उड़ानें निरस्त कर दी गईं. इंडिगो की उड़ान संख्या एआई-1723, 6ई-6602 और 6ई-364 ऑपरेशनल कारणों से उड़ान नहीं भर सकीं."

Last Updated : December 30, 2025 at 6:34 PM IST