ETV Bharat / state

"बिजली आपूर्ति बाधित रहने की मिल रही हैं शिकायतें"; सांसद संजय सिंह बोले- "पांच जून को आम आदमी पार्टी करेगी विशाल प्रदर्शन"

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेसवार्ता की.

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पार्टी मुख्यालय पर प्रेसवार्ता की.
राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पार्टी मुख्यालय पर प्रेसवार्ता की. (Photo credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 29, 2026 at 10:53 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ : आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेसवार्ता की. इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकारों पर दलितों, पिछड़ों, युवाओं और आम जनता के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है.



आप सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा शुरू से ही डॉ. भीमराव आंबेडकर और सामाजिक न्याय की अवधारणा के विरोध में रही है. उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्गों के सम्मान और अधिकारों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं.

उत्तर प्रदेश में जारी बिजली संकट पर संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश आज अंधकार में डूब चुका है. राजधानी सहित कई जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें मिल रही हैं. उन्होंने कहा कि बाराबंकी में बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक परिवार को ट्रक ने कुचल दिया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई.

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने की दिशा में कोई गंभीर प्रयास नहीं किया और निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर थोपे जा रहे हैं. प्रदेश के ऊर्जा मंत्री जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं. संजय सिंह ने घोषणा की है कि पांच जून को आम आदमी पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में बिजली कटौती और महंगी बिजली के खिलाफ जिला मुख्यालयों पर विशाल प्रदर्शन करेगी.


पंजाब निकाय चुनावों की बात करते हुए संजय सिंह ने कहा कि बैलेट पेपर से हुए चुनावों में जनता ने आम आदमी पार्टी के पक्ष में अभूतपूर्व जनादेश दिया है. उन्होंने कहा कि अब तक घोषित परिणामों में 59 नगर पालिकाओं में से 41 पर आम आदमी पार्टी ने विजय प्राप्त की है, जबकि भाजपा एक भी नगर पालिका में अध्यक्ष पद नहीं जीत सकी.

उन्होंने कहा कि 1977 वार्डों में से 1720 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं, जिनमें 842 वार्ड आम आदमी पार्टी की जीत हुई है. उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने यह साबित कर दिया है कि वह अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान सरकार के कामों पर भरोसा करती है. भाजपा की राजनीति को पूरी तरह खारिज कर चुकी है. उन्होंने इस विजय के लिए पंजाब की जनता, मुख्यमंत्री भगवंत मान, राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, प्रभारी मनीष सिसोदिया और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी.



युवाओं के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक के बाद अब विभिन्न परीक्षाओं में धांधली और अनियमितताओं के मामले सामने आ रहे हैं. उन्होंने घोषणा की कि एक जून को प्रयागराज में छात्रों, छात्र संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों को साथ लेकर "पेपर लीक पर चर्चा" कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि इसमें किसी राजनीतिक दल का झंडा नहीं लगेगा, बल्कि युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए एक साझा मंच तैयार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में हुई पेपर लीक घटनाओं का पूरा आंकड़ा छात्रों के सामने रखा जाएगा और एक बड़े छात्र आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी.

यह भी पढ़ें : नीट पेपर लीक: संजय सिंह का भाजपा पर बड़ा आरोप, कहा, शिक्षा माफियाओं को दे रही संरक्षण