देश में वक्फ बोर्ड है तो सनातन बोर्ड बनने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए: साक्षी महाराज
साक्षी महाराज ने कहा कि मंदिरों की आय हिंदू समाज के कल्याण में और मस्जिदों की आय मुस्लिम समाज के हित में खर्च होनी चाहिए.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 3, 2026 at 4:28 PM IST
उन्नाव : भारतीय जनता पार्टी के सांसद साक्षी महाराज ने देश में सनातन बोर्ड की मांग का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि जब देश में वक्फ बोर्ड है तो सनातन बोर्ड बनने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए. पाकिस्तान, अफगानिस्तान या बांग्लादेश जैसे देशों में हिंदू बोर्ड नहीं है, लेकिन भारत में वक्फ बोर्ड मौजूद है. ऐसे में सरकार को ऐसी नीति बनानी चाहिए जो पारदर्शी और जनहित में हो. उन्होंने सुझाव दिया कि मंदिरों की आय हिंदू समाज के कल्याण में और मस्जिदों की आय मुस्लिम समाज के हित में खर्च होनी चाहिए.
सांसद साक्षी महाराज ने यह भी कहा कि कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर लंबे समय से सनातन बोर्ड की मांग उठा रहे हैं. इस मुद्दे पर वह उनके साथ हैं. सांसद ने यह भी कहा कि वह एक अखाड़े के धर्माचार्य हैं और राजनीति में उनका प्रवेश केवल अयोध्या, मथुरा और काशी जैसे सनातन आस्था के केंद्रों के कारण हुआ है. अयोध्या को भव्य रूप दिया गया है और काशी में बाबा विश्वनाथ धाम का विकास हुआ है. अब मथुरा और भगवान श्रीकृष्ण की नगरी को भी उसी तरह विकसित किया जाएगा.
'खुद को यदुवंशी मानते हैं तो मथुरा के मुद्दे पर खुलकर सामने आएं'
साक्षी महाराज ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि वह स्वयं को यदुवंशी मानते हैं तो उन्हें मथुरा और भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर के मुद्दे पर आगे आना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव यह कार्य नहीं कर सकते हैं तो कम से कम यह स्वीकार करें कि यह उनके बस की बात नहीं है. साक्षी महाराज ने आरोप लगाया कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण विपक्षी नेता भगवान श्रीकृष्ण और बाबा विश्वनाथ जैसे मुद्दों पर खुलकर बोलने से बचते हैं.
'देश को सबसे अधिक नुकसान कांग्रेस के शासनकाल में हुआ'
वहीं, कांग्रेस पर हमला बोलते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि देश को सबसे अधिक नुकसान कांग्रेस के शासनकाल में हुआ. यूपीए सरकार के समय भ्रष्टाचार चरम पर था और कई मंत्री जेल तक पहुंचे. आज कांग्रेस सत्ता से बाहर होने के कारण बेचैन है और उसके नेता निराधार आरोप लगाते रहते हैं. उन्होंने दावा किया कि जितना विकास वर्तमान सरकार में हुआ है, उतना पिछले कई दशकों में नहीं हुआ.
साक्षी महाराज ने यह भी कहा कि सनातन और हिंदुत्व आज भाजपा की पहचान बन चुके हैं और इसी वजह से पार्टी को लगातार चुनावी सफलता मिल रही है. उन्होंने विपक्ष के चुनावी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भारत में लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत है और जनता अपने मत से सरकार चुनती है. उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा का राष्ट्र प्रथम का सिद्धांत ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है.
वहींं, साक्षी महाराज ने राम मंदिर चंदा मामले में कहा कि सरकार ने एसआईटी का गठन कर दिया है और जांच पूरी होने के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. उन्होंने कहा कि यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस समय कोई भी बयान जांच को प्रभावित कर सकता है, इसलिए संयम बरतना जरूरी है.
ये भी पढ़ें- "पाताल लोक" में लखनऊ के अधिकतर बाजार, Basement के खिलाफ LDA की तैयारियां नाकाफी!

