सीधी में ट्रेन आने तक नहीं पहनूंगा माला, सांसद राजेश मिश्रा की नई शपथ
सीधी सांसद राजेश मिश्रा का संजय गांधी कॉलेज के मंच से बड़ा ऐलान, सीधी में ट्रेन नहीं आने तक माला नहीं पहनने की ली शपथ.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 1, 2026 at 9:37 AM IST
|Updated : January 1, 2026 at 10:12 AM IST
सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी में रेल सुविधा को लेकर लंबे समय से चल रही मांग के बीच सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने एक बार फिर भावनात्मक और राजनीतिक रूप से अहम ऐलान किया है. प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, संजय गांधी कॉलेज सीधी में मंगलवार की देर शाम आयोजित सुशासन दिवस कार्यक्रम के दौरान सांसद ने मंच से यह शपथ ली कि जब तक सीधी जिले में नियमित रूप से ट्रेन का संचालन शुरू नहीं हो जाता, तब तक वे किसी भी कार्यक्रम में माला नहीं पहनेंगे. चाहे वह पार्टी का कार्यक्रम हो या कोई अन्य सार्वजनिक आयोजन.
सांसद का अनोखा संकल्प
कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष देवकुमार सिंह चौहान के सामने सांसद डॉ. मिश्रा ने यह बात कही, जिस पर सभागार में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ प्रतिक्रिया दी. सांसद का यह बयान अब जिले की राजनीति में चर्चाओं का केंद्र बन गया है. डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने संबोधन में सीधी जिले की वर्षों पुरानी रेल मांग का जिक्र करते हुए कहा कि, ''यह केवल एक वादा नहीं, बल्कि जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता है.'' उन्होंने अपने पिछले संकल्प का उदाहरण देते हुए बताया कि, ''कैसे उनकी शपथ के बाद सीधी में ट्रेन का ट्रायल संभव हुआ.''
- रतलाम में 182 की स्पीड से दौड़ी वंदे भारत स्लीपर, गिलास से नहीं छलकी पानी की एक बूंद
- खाद संकट पर कलेक्टर की फुल स्पीड, किसानों की पुकार पर दौड़ी आई खाद से लदी ट्रेन
- रतलाम में चलती ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसी महिला, RPF की फुर्ती से टली अनहोनी
ट्रेन आने तक माला नहीं पहनेंगे सांसद
सांसद ने कहा, ''मैं आज फिर एक शपथ ले रहा हूं. जब तक सीधी जिले में ट्रेन नहीं आ जाती, तब तक मैं किसी भी कार्यक्रम में माला नहीं पहनूंगा. चाहे वह पार्टी का कार्यक्रम हो या कोई और. पिछली बार भी मैंने ऐसी ही शपथ ली थी कि जब तक सीधी जिले में ट्रेन का ट्रायल नहीं होगा, तब तक मैं माला नहीं पहनूंगा. मैंने उस दौरान माला नहीं पहनी और आप सबने देखा कि जल्द ही सीधी में ट्रेन का ट्रायल हुआ. उसी के बाद मैंने माला पहनना शुरू किया. मुझे पूरा विश्वास है कि यह शपथ भी जल्द पूरी होगी.''

सांसद के इस बयान को जहां आम जनता रेलवे सुविधा को लेकर आशा की नजर से देख रही है, वहीं राजनीतिक गलियारों में इसे केंद्र सरकार तक दबाव बनाने की रणनीति के रूप में भी माना जा रहा है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.

