राहुल-खरगे के भाषण में केंद्रीय मंत्री का जिक्र, बोले- मोदी के सामने झुक गए शिवराज सिंह
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ भोपाल में किसान महा चौपाल हुई,जहां राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम से लेकर शिवराज सिंह पर बोला हमला.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 9:17 PM IST
भोपाल: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे दोनों के भाषण में शिवराज सिंह चौहान का जिक्र जरूर आया. राहुल गांधी ने ट्रेड डील पर शिवराज का हवाला देकर कहा कि पूछिए उनसे की डील के पहले कैबिनेट में निर्णय लिया की नहीं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूरे भाषण में 1 मिनट 40 सेकेण्ड का हिस्सा केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम कर दिया.
उन्होंने कहा कि खुद को किसान का पुत्र कहने वाले शिवराज सिंह दिल्ली जाने के बाद अपनी सरकार में प्रधानमंत्री मोदी से ये क्यों नहीं कहते कि साहब ये डील मजदूरों किसानों के खिलाफ है. खरगे ने कहा कि शिवराज के लिए कहा कि ये बात चौहान साहब आपके मुंह से क्यों नहीं निकलती.
राहुल बोले शिवराज से पूछिए कैबिनेट में क्या हुआ
राहुल गांधी ने ट्रेड डील को लेकर कहा कि "पीएम मोदी ने राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान को पूछे बगैर यानि अपनी कैबिनेट से पूछे बगैर ट्रंप को फोन लगाया. डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट किया कि हिंदुस्तान के प्रधानममंत्री ने मुझे फोन किया और कह दिया कि यूएस इंडिया डील को मैं साइन करने को तैयार हूं. राहुल ने कहा आप शिवराज सिंह चौहान से पूछिए वे कृषि मंत्री हैं कि क्या ट्रेड डील के पहले कैबिनेट में इसे लेकर कोई निर्णय हुआ था. कैबिनेट मंत्री से कैबिनेट ने निर्णय लिया नहीं. गडकरी, राजनाथ से नहीं पूछा गया."
खरगे की शिवराज को सलाह- किसानों के लिए तो लड़ो मोदी से
भोपाल में कांग्रेस की किसान महापंचायत में पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने भाषण के बीच में मध्य प्रदेश से जुड़े केवल एक नेता का जिक्र किया. उन्होंने शुरुआत में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व मौजूदा कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का नाम लिए बगैर कहा कि "यहां के एक नेता पहले पूर्व मुख्यमंत्री थे, जो कहते हैं मैं किसान हूं, मैं वो हूं, मैं ऐसी योजना लेकर आया. मैं वैसी योजना लेकर आया. उन्होंने कहा कि जब तक आप मुख्यमंत्री थे, कुछ लाए होंगे, कुछ खाए भी होंगे, लेकिन मैं पूछता हूं अब दिल्ली में जाने के बाद जो पीएम मोदी गलतियां कर रहे हैं, उसके लिए आपके जुबान से बात क्यों नहीं निकलती चौहान साहब.
आप क्यों नहीं बोलते कि ये मजदूरों, किसानों के खिलाफ है. खरगे ने शिवराज सिंह के भाषण देने के अंदाज को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसे लंबे-लंबे हाथ करके, इधर-उधर देख कर भाषण देने से मजदूरों-किसानों का भला नहीं होने वाला. अगर आपको उनका हित करना है, तो आप मोदी जी से लड़ो.
- राहुल गांधी का मोदी को चैलेंज- हिम्मत है तो अमेरिका से ट्रेड डील कैंसिल करके दिखाएं
- चीन से लगता है पीएम को डर, नरवणे की किताब और चीनी घुसपैठ पर संसद में बोलने से रोका : राहुल
'पीएम मोदी के सामने झुक गए शिवराज'
खरगे ने बिना नाम लिए केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को संबोधित करते हुए कहा कि आपको तो यहां से भगाकर उधर लेकर गए, आप ने कुछ नहीं किया. दिल्ली में आते ही बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, मोदी के सामने बेचारे झुक गए हैं. जिसको झुकने की आदत है, वो झुकते रहता है, झुकने दो."

