मध्य प्रदेश में मानसून तेजी से बढ़ रहा आगे, शहडोल में झमाझम बरसे बदरा, मौसम हुआ सुहाना
मध्य प्रदेश में नौतपा में प्री-मानसून की दस्तक, शहडोल में बारिश से किसानों के खिले चेहरे, लोगों को भीषण गर्मी से मिली निजात.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 31, 2026 at 8:02 PM IST
शहडोल: मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदली है. मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक प्रदेश के करीबन 43 जिलों में तेज हवाएं, बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने की भी संभावना जताई है. मौसम विभाग के मुताबिक मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है. शनिवार की रात कई कुछ जिलों में हुई बारिश से नौतपा में बारिश से लोगों को राहत मिली है.
शहडोल में भी रविवार की दोपहर बाद ही अचानक से मौसम बदल गया और झमाझम बारिश का दौर देखने को मिला. जिससे मौसम सुहाना हो गया है, लोगों को गर्मी से राहत मिली है तो वहीं तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है.
शहडोल में झमाझम बरसात
शहडोल में रविवार की दोपहर बाद झमाझम बारिश का दौर देखने को मिला. पहले रिमझिम बारिश हुई फिर अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, थोड़ी बहुत आंधी भी देखने को मिली है. शहडोल जिला मुख्यालय में किसी काम से केशवाही से आए राम सिंह कंवर बताते हैं, "वो अपना काम करने के लिए शहडोल आए थे. जब आए तो बहुत धूप थी गर्मी लग रही थी, लेकिन अचानक ही बारिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से बारिश से बचने के लिए वो खड़े हो गए हैं."
स्थानीय निवासी शिवेंद्र सिंह बघेल बताते हैं, "अचानक ही बारिश शुरू हुई है और झमाझम बरसात हो रही है, जिससे गर्मी से राहत मिली है. मौजूदा साल 45 डिग्री तक तापमान गया है, गर्मी से हाल बेहाल हो गया है, अब राहत की बूंदे गिर रही हैं, जिससे गर्मी से निजात मिल रही है."

अगले 3 दिन बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों की माने तो शहडोल में अगले एक हफ्ते के दौरान बारिश बादल और धूप का तालमेल बना रह सकता है. कभी बारिश कभी बदल तो कभी धूप भी खुली रहेगी हालांकि जिस तरह से आज मौसम बदला है. उससे मौसम खुशनुमा हो गया है. 2 और 3 जून को भी बारिश की संभावना जताई जा रही है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 दिन तक प्रदेश में इसी तरह की स्थिति रहेगी. इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी. मानसून आने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रहीं हैं.
खरीफ सीजन की तैयारी शुरू
1 जून के बाद क्षेत्र के किसान खरीफ सीजन की खेती की तैयारी शुरू कर देते हैं, जिले में सबसे ज्यादा धान की खेती की जाती है. और इसकी तैयारी किसान मई के अंतिम हफ्ते से ही शुरू कर देते हैं. कई किसान जिनके पास पानी की व्यवस्था है वो जून के पहले ही सप्ताह से धान की नर्सरी भी देने की शुरुआत कर देते हैं.

- अगले तीन दिन में बारिश से तरबतर हो जाएगा मध्य प्रदेश, तेजी से बढ़ रहा मानसून
- श्योपुर और शिवपुरी में तूफानी बारिश के साथ ओले गिरे, आज 9 जिलों में अलर्ट जारी
कृषि वैज्ञानिक डॉ बीके प्रजापति बताते हैं, "बारिश से गर्मी से जरूर राहत मिली है और किसान जो इन दिनों खरीफ सीजन की खेती की तैयारी शुरू कर रहे हैं, उनको भी गर्मी से राहत मिलेगी. साथ ही गर्मी वाली मूंग उड़द की फसल जिनकी अभी तैयार नहीं हुई है. उनके लिए अच्छी बारिश हो गई है. इसके अलावा जिनकी मूंग उड़द की फसल तैयार हो चुकी है और कटने की कगार पर है, उनके लिए चिंता की बात जरूर है."

