मध्य प्रदेश में जल्द प्री मानसून की दस्तक, नौतपा की प्रचंड गर्मी से मौसम होगा कूल-कूल
मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश से नौतपा की शुरुआत, प्रचंड गर्मी ने लोगों का जीना किया मुहाल,3 दिन बाद प्री मानसून की दस्तक

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 26, 2026 at 3:18 PM IST
भोपाल: 25 मई से नौतपा शुरू हो गया है, जो 2 जून तक चलेगा. नौतपा का अर्थ होता है, 9 दिनों तक तपिश, जिसका असर मध्य प्रदेश में बराबर देखने मिल रहा है. नौतपा शुरू होते ही भीषण गर्मी ने लोगों को पसीने से तरबतर कर दिया है. मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में पारा 45 डिग्री के पार जा रहा है. जबकि खजुराहो और नौगांव में तो तापमान 47 डिग्री के पार पहुंच चुका है.
हालांकि प्रदेश के कई हिस्सों में नौतपा की शुरुआत हवाओं और बूंदाबादी से हुई है. इस बीच अच्छी खबर यह है कि एमपी में जल्द ही प्री मानसून की एंट्री होने वाली है. लिहाजा बदलते मौसम से लोगों को राहत मिलेगी.

एमपी के कई जिलों में आंधी-बारिश से नौतपा की शुरुआत
पूरे देश सहित मध्य प्रदेश में नौतपा की तपिश देखने मिल रही है. चिलचिलाती गर्मी में लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं. एमपी के कई शहरों में लू का अलर्ट जारी किया गया है. हालात यह हैं कि दिन तो ठीक रात में भी लोगों की सुकून नहीं मिल रहा है. वहीं मध्य प्रदेश के कई जिलों में नौतपा की शुरुआत आंधी-बारिश के साथ हुई है.
सोमवार को सबसे गर्म रहा खजुराहो
बात अगर सोमवार के तापमान की करें तो खजुराहो सबसे गर्म रहा. यहां तापमान 47.2 डिग्री दर्ज किया गया. जबकि नौगांव में पारा 46.8 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं दतिया 45.6, मंडला 45.5, टीकमगढ़ 45.3, सतना 44.9, रीवा में 44.6, राजगढ़ में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
इन जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट, 3 दिन बाद बदलेगा मौसम
नौतपा में प्रदेश के 45 शहर लू की चपेट में हैं. वहीं तापामान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है. मौसम वैज्ञानिक ने निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, छतरपुर, सतना जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया है. जबकि रीवा, सीधी, सिंगरौली, सागर, दमोह, बालाघाट और जबलपुर सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी, मुरैना, विदिशा, अशोकनगर, शाजापुर, सीहोर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, खंडवा, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, खरगोन, डिंडौरी, बुरहानपुर और शहडोल में गर्मी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि राहत की बात यह है कि अगले 3 दिनों में मौसम बदलने का अनुमान है.

एमपी में 28 मई से प्री मानसून की दस्तक
मौसम वैज्ञानिक की माने तो 29 मई को प्री मानसून की दस्तक हो सकती है. जिससे कुछ जिलों में आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है. श्योपुर, ग्वालियर, मुरैना, दतिया, भिंड, दतिया, शिवपुरी, टीकमगढ़, निवाड़ी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. बारिश के बाद तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है. लिहाजा लोगों की भीषण गर्मी से राहत मिलेगी. प्री मानसून की वजह पश्चिमी हिस्से से गुजर रहा टर्फ सिस्टम बताया जा रहा है.
- मध्य प्रदेश में शुरू हो गया है नौतपा, जरूर कर लें ये सभी काम, होगा लाभ ही लाभ
- मध्य प्रदेश में 5 दिन झेलने होंगे गर्मी के तीखे तेवर, 30 मई से बदल सकता है मौसम
साइक्लोन सर्कुलेशन सक्रिय
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि "अगले दो से तीन दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्वी और पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों के साथ अंडमान सागर के हिस्सों में दक्षिण पश्चिम मानसून के और आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल हैं. इसके साथ ही दक्षिण बिहार और इसके आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की उंचाई पर एक साइक्लोन सर्कुलेशन सक्रिय है. ऐसे में आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश के तापमान में भी गिरावट होगी.
हालांकि अभी अगले 3 दिन तक के लिए कई जिलों सीवियर हीटवेव और रात में वार्म लाईट का अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि 30 मई से कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.

