ETV Bharat / state

‎बिरला बोले- तीर्थ स्थलों के विकास से भारत की सांस्कृतिक पहचान हो रही मजबूत, हाड़ौती के विपक्षी नेताओं पर साधा निशाना

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने संसदीय क्षेत्र के केशवरायपाटन और इन्द्रगढ़ में कई विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया.

Loksabha speaker Om Birla
जन सभा को संबोधित करते बिरला (ETV Bharat Bundi)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 23, 2026 at 7:26 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बूंदी: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सोमवार को बूंदी जिले के केशवरायपाटन और इन्द्रगढ़ के दौरे पर रहे. इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को करीब 132 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी. कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन मौजूद रहे. इंद्रगढ़ में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष बृजमोहन गर्ग की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया. इसके साथ ही केशवरायपाटन पंचायत समिति क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया.

इन्द्रगढ़ में बिरला ने मां बीजासन मंदिर में 18 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली रोप-वे परियोजना का शिलान्यास किया. इस परियोजना से श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. इसके बाद उन्होंने 62 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित बांसी-देई-खजूरी-करवर-इन्द्रगढ़ सड़क मार्ग का लोकार्पण किया. इससे ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आवागमन सुगम बनेगा.

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (ETV Bharat Bundi)

पढ़ें: कार्तिक पूर्णिमा: केशवरायपाटन में चंबल तट पर कार्तिक मेले का शुभारंभ

कई देश भारत में निवेश करना चाहते : इस अवसर पर बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना के पुनर्जागरण के दौर से गुजर रहा है. उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास, उज्जैन में महाकाल लोक और देशभर के तीर्थ स्थलों के विकास कार्य भारत की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास केवल आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलता है. इन्द्रगढ़ स्थित मां बीजासन मंदिर में देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं. विशेष रूप से नवरात्र के दौरान यहां बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं. उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत को विश्वास और उम्मीद के साथ देख रही है और कई देश भारत में निवेश करना चाहते हैं. उन्होंने इस दौर को नए भारत के सांस्कृतिक जागरण और विकास के उत्सव का समय बताया.

विपक्ष फैलाता है भ्रम: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हाड़ौती क्षेत्र के विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों ने उनके द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को केवल सपना बताया था और कहा था कि बिरला केवल सपने दिखाते हैं, लेकिन आज वे सभी योजनाएं धरातल पर दिखाई दे रही हैं और जनता स्वयं विकास को देख रही है.जनसभा में बिरला ने कहा कि कुछ विरोधी नेता गलत सूचनाएं और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास करते हैं, ताकि चुनाव में लाभ लिया जा सके. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाकर वोट लेने की राजनीति की जाती है. कुछ समय के लिए लोग इसमें सफल भी हो जाते हैं, लेकिन जनता सच्चाई को समझती है और अंततः विकास के पक्ष में मतदान करती है.

विकास को देते है प्राथमिकता: उन्होंने कहा कि वे और उनकी टीम वोट की राजनीति नहीं करते, बल्कि विकास को प्राथमिकता देते हैं. उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें दोबारा विश्वास के साथ जीताकर भेजा है, इसलिए वे लगातार क्षेत्र के विकास के लिए काम कर रहे हैं. बिरला ने कहा कि राजनीति सेवा का माध्यम है, न कि केवल चुनाव जीतने का जरिया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, सड़क, पर्यटन, धार्मिक स्थलों और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने जनता से विकास कार्यों में सहयोग और सकारात्मक सोच रखने का आह्वान भी किया.