भाजपा समर्थित प्रत्याशी संपा का प्रचार करने पहुंचे सांसद निशिकांत दुबे, कहा - गद्दारी करने वालों को पार्टी से निकाला जायेगा
पाकुड़ में भाजपा समर्थित प्रत्याशी की पदयात्रा में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे शामिल हुए.


Published : February 20, 2026 at 9:39 PM IST
पाकुड़ : आगामी 23 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी संपा साहा के समर्थन में पदयात्रा निकाली गयी. पदयात्रा में मुख्य रूप से भाजपा के गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे शामिल हुए.
पदयात्रा में पार्टी प्रत्याशी संपा साहा के अलावा सैकड़ों की संख्या में समर्थक, भाजपा व कई हिन्दू संगठन से जुड़े नेता व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. पदयात्रा कालिकापुर विवेकानंद चौक से निकाली गयी और पूरे शहर का भ्रमण करते हुए रविंद्र चौक तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ.
पदयात्रा के उपरांत सांसद निशिकांत दुबे पार्टी कार्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओ से मुलाकात की. साथ ही चुनाव के लिए पार्टी स्तर पर की तैयारियों की जानकारी ली. मीडियाकर्मियों से बात करते हुए सांसद ने कहा कि झारखंड में हो रहे नगर निकाय चुनाव में सभी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के समर्थित प्रत्याशियों की जीत होगी.
पूछे गये सवाल पर सांसद ने कहा कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है, हमारे कार्यकर्ता पार्टी समर्थित प्रत्याशी के लिए आपसी समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं. सांसद ने कहा कि पार्टी समर्थित प्रत्याशी संपा साहा हैं और इनके अलावा यदि कोई किसी दूसरे की मदद या पार्टी के साथ गद्दारी कर रहे हैं तो चुनाव के बाद उसे बाहर का रास्ता दिखाया जायेगा.
सांसद ने कहा कि पाकुड़ नगर परिषद की जनता भाजपा समर्थित प्रत्याशी संपा साहा को जिताए, हम उनके साथ मिलकर इस क्षेत्र का विकास करेंगे.
वहीं सांसद निशिकांत ने कहा कि पाकुड़ जिला काफी पिछड़ा है और यहां पहले आदिवासियों को टारगेट किया गया और उनकी जनसंख्या घट गयी. अब इस क्षेत्र में हिन्दुओं की जनसंख्या घट रही है. सांसद ने कहा कि जल्द एसआईआर होने वाला है और बांग्लादेशियों को चिन्हित कर बाहर का रास्ता दिखाया जायेगा.
सांसद ने कहा कि पाकुड़ की जनता को जल्द वन्दे भारत ट्रेन मिलने जा रही है. दिल्ली, मुंबई व पंजाब जाने के लिए भी ट्रेन का संचालन कराया जायेगा. सांसद ने कहा कि पाकुड़ गोड्डा रेलवे लाइन भी बिछेगी, इसके साथ ही एक नई हाइवे के लिए प्रधानमंत्री से स्वीकृति मिली है, जो बिहार से पाकुड़ होते हुए पश्चिम बंगाल को जोड़ेगी.
यह भी पढ़ें:
बीजेपी पर भड़के मंत्री इरफान अंसारी, कहा- ये लोग नहीं हैं हिंदुस्तानी, निशिकांत दुबे पर कही ये बात
सदन से लेकर सड़क तक राहुल गांधी पर बरसे निशिकांत दुबे, देश के लिए बताया खतरनाक

