मोहन सरकार खेत में बैठकर लेगी निर्णय, पहली बार नागलवाड़ी में होगी कैबिनेट बैठक
बड़वानी की राजपुर तहसील के नागलवाड़ी गांव में पहली बार होने जा रही है कृषि कैबिनेट. खेती से जुड़े कई अहम मुद्दों पर होगा मंथन.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 7:00 PM IST
भोपाल: किसान कल्याण वर्ष मना रही मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में कैबिनट की बैठक करने का निर्णय लिया है. इसके तहत सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में बड़वानी जिले की राजपुर तहसील के नागलवाड़ी गांव में पहली बार कृषि कैबिनेट होने जा रही है. कैबिनेट की बैठक में कृषि से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है. खासतौर से मसाला फसलों को बढ़ावा देने के लिए नई योजना की भी शुरूआत करने पर निर्णय किया जा सकता है.
बड़वानी के नागलवाड़ी में कैबिनेट बैठक
कैबिनेट की बैठक में हिस्सा लेने के लिए सभी मंत्री सोमवार की सुबह बड़वानी के नागलवाड़ी गांव पहुंचेंगे. बड़वानी जिला मुख्यालय से 57 किलोमीटर दूर स्थित नागलवाड़ी में करीबन 800 साल पुराना भिलट देव (नाग देवता) का प्राचीन मंदिर है. जिसका जनजातीय समाज में बहुत महत्व है. कैबिनेट की बैठक सुबह साढ़े 11 बजे से होगी. इसके बाद मुख्यमंत्री जुलवानिया के भगोरिया हाट में भी शामिल होंगे. कैबिनेट की बैठक को लेकर बड़वानी जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं.
कृषि से जुड़े मुद्दों पर होगा मंथन
कैबिनेट की बैठक पूरी तरह से कृषि से जुड़े मुद्दों को ही समर्पित होगी. बैठक में कृषि से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा की जाएगी. ताकि प्रदेश में खेती को लाभ का धंधा बनाया जा सके. कैबिनेट में मसाला फसलों को बढ़ावा देने को लेकर नई योजना की शुरूआत की जा सकती है.
- मध्य प्रदेश में 5 साल तक चलेंगी पांच योजनाएं, मोहन यादव कैबिनेट का किसानों को गिफ्ट हैंपर
- मध्य प्रदेश कैबिनेट में स्पेट टेक नीति को मंजूरी, सुधरेगी सीवेज-पेयजल लाइन
पशुपालकों को ब्राजील में प्रशिक्षण दिलाने पर चर्चा
पशुपालकों को आधुनिक तरीके से कृषि सिखाने के लिए ब्राजील में प्रशिक्षण दिलाने पर भी चर्चा हो सकती है. इसके अलावा किसानों को खेती से जुड़ी सभी जानकारी मोबाइल पर उपलब्ध कराने के लिए किसानों के खातों को समग्र आईडी से जोड़ने पर निर्णय लिया जा सकता है.
कैबिनेट की बैठक में निमाड़ और उसके आसपास के जिलों को केन्द्रित कर चर्चा की जाएगी. खासतौर से इस क्षेत्र में किसानों के लिए सिंचाई व्यवस्था बेहतर करने, उन्नत बीज उपलब्ध कराने, खाद की उपलब्धता को बेहतर करने जैसे कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.

