ETV Bharat / state

मध्य प्रदेश में प्रचंड ठंड ने डराया, ला नीना ने बढ़ाई आफत, कितना और हाड़ कपाएगी सर्दी

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड से परेशान लोग, ला नीना ने समय से पहले बढ़ाई ठंड, कोहर और शीतलहर की चपेट में प्रदेश.

MADHYA PRADESH SEVERE COLD
मध्य प्रदेश में प्रचंड ठंड ने डराया (Getty Image)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 7, 2026 at 8:45 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: मध्य प्रदेश में इस बार ला नीना के सक्रिय होने की वजह से नवंबर महीने से ही कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया था. नवंबर और दिसंबर के महीने में ठंड के पिछले कई वर्षों के रिकार्ड तोड़ दिए, लेकिन अब प्रदेश के रहवासियों को ठंड से थोड़ी राहत मिलने वाली है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जल्द ही प्रदेश से शीतलहर का दौर समाप्त होगा और न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी शुरु होगी, लेकिन अभी ठंड का प्रकोप जारी रहेगा.

मध्य प्रदेश में कम होगा शीतलहर का असर

मौसम वैज्ञानिक दिव्या ई सुरेंद्रन ने बताया कि "पश्चिमी मध्य प्रदेश से आज से शीत लहर की वापसी हो गई है, लेकिन पूर्वी मध्य प्रदेश के उमरिया और शहडोल जिलों में आने वाले 2 दिनों तक शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों का न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से काफी नीचे चल रहा है. दिव्या सुरेंद्रन ने बताया कि भले ही शीतलहर का प्रकोप कम हो जाएगा, लेकिन जनवरी महीने का न्यूनतम तापमान सामान्य या इसके नीचे बना रहेगा. सुबह और शाम को ठंड का अधिक एहसास होगा, जबकि दिन में ठंड से राहत रहेगी.

मौसम वैज्ञानिक ने दी जानकारी (ETV Bharat)

ला नीना ने समय से पहले बढ़ाई ठंड

मौसम वैज्ञानिक दिव्या ने बताया कि यह ला नीना का साल था. इसकी पहले से ही चेतावनी दी गई थी. इसके कारण प्रदेश में इस बार कड़ाके की ठंड देखने को मिली. इस बार नवंबर से न्यूनतम तापमान में जोरदार गिरावट देखने को मिली, लेकिन अब यह न्यूट्रल कंडीशन में आ गया है. आने वाले एक महीने में ला नीना का असर समाप्त हो जाएगा और इसी के साथ मध्य प्रदेश से सर्दियों का दौर भी खत्म होगा.

शीतलहर से राहत, कोहरे का दौर जारी

दिव्या सुरेंद्रन ने बताया कि उत्तरी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अभी कोहरे का दौर जारी रहेगा. हालांकि दिन और रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी शुरू हो जाएगी. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी आने वाले 9 जनवरी तक कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. शहरों के तापमान में भले ही बढ़ोत्तरी शुरू होगी, लेकिन ग्वालियर-चंबल, रीवा और सतना समेत उत्तर-पश्चिमी जिलों में घना से मध्यम कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

MADHYA PRADESH LA NINA EFFECt
शहरों में छाया रहेगा कोहरा (Getty Image)

पश्चिमी विक्षोभ पर निर्भर करेगी आगे की ठंड

अभी आने वाले 7 दिनों में मौसम साफ रहेगा. उमरिया और शहडोल के अलावा कहीं भी शीत लहर की चेतावनी जारी नहीं की गई है. वहीं दिन और रात के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी शुरु हो गई है. दिव्या सुरेंद्रन ने बताया कि अभी सिस्टम में एक पिश्चमी विक्षोभ था, जिसके जाने के बाद मध्य प्रदेश में कोहरे के साथ तापमान में गिरावट शुरु हुई थी. हालांकि अभी एक सिस्टम एक्टिव है, लेकिन आने वाले दिनों में इसका असर पता चलेगा. मध्य प्रदेश में मिड फरवरी तक विंटर सीजन होता है, ऐसे में 15 फरवरी के दिन और रात के तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी होगी.

जनवरी में ऐसा रहता है भोपाल का मौसम

भोपाल में जनवरी का मौसम आमतौर पर ठंडा और शुष्क रहने वाला होता है. दिसंबर की तरह ही इस माह में साफ आसमान, हल्की ठंड और सुबह-शाम ठिठुरन देखने को मिलती है. कई बार पश्चिमी विक्षोभ के असर से ठंडी हवाएं चलती हैं, जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री तक गिर सकता है. कभी-कभी शीत लहर और हल्की बारिश के साथ कोहरा भी छा जाता है, जिससे दृश्यता प्रभावित होती है. औसतन दिन का तापमान करीब 25 डिग्री और रात का तापमान 10-11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना रहती है.

जनवरी में ऐसा रहता है ग्वालियर का मौसम

ग्वालियर में जनवरी का मौसम कड़ाके की ठंड और शुष्क हवाओं के लिए जाना जाता है. दिसंबर की तरह ही इस महीने में आसमान अधिकतर साफ रहता है, लेकिन सुबह-शाम तेज सर्दी और घना कोहरा देखने को मिल सकता है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई बार शीतलहर चलती है, जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री तक नीचे चला जाता है. औसतन दिन का तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 7-8 डिग्री के आसपास रहता है. हल्की बारिश की संभावना कम रहती है, लेकिन नमी और ठंडी हवाएं ठिठुरन बढ़ा देती है.

SHAHDOL UMARIA COLD WAVE ALERT
सुबह और रात के तापमान में गिरावट (Getty Image)

जनवरी में ऐसा रहता है इंदौर का मौसम

इंदौर में जनवरी का मौसम ठंडा, शुष्क और साफ रहने वाला रहता है. दिसंबर की तरह ही इस माह में आसमान अधिकतर साफ रहता है. जबकि सुबह और रात में ठंड का असर ज्यादा महसूस होता है. कई बार पश्चिमी विक्षोभ के कारण शीत लहर चलती है, जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री तक गिर सकता है. औसतन दिन का तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान लगभग 10 डिग्री के आसपास रहता है. हल्की बारिश की संभावना कम होती है, लेकिन कोहरा और ठंडी हवाएं सर्दी का अहसास बढ़ा देती है.

जनवरी में ऐसा रहता है उज्जैन का मौसम

उज्जैन में जनवरी का मौसम ठंडा, शुष्क और साफ रहने की संभावना रहती है. दिसंबर की तरह ही इस महीने में आसमान अधिकतर साफ रहता है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का असर तेज महसूस होता है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई बार शीतलहर चलती है. जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री तक गिर सकता है. औसतन दिन का तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान लगभग 8-9 डिग्री के आसपास रहता है.

जनवरी में ऐसा रहता है जबलपुर का मौसम

जबलपुर में जनवरी का मौसम ठंडा, शुष्क और हल्के उतार-चढ़ाव वाला रहने की संभावना रहती है. दिसंबर की तरह ही इस महीने में आसमान अधिकतर साफ रहता है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस होता है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई बार शीत लहर चलती है, जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री तक नीचे जा सकता है. औसतन दिन का तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान लगभग 10-11 डिग्री के आसपास रहता है. कभी-कभी हल्की बारिश और कोहरा भी देखने को मिल सकता है, जिससे ठंड और बढ़ जाती है."