बेरोजगारी में मध्य प्रदेश देश में नंबर वन, कमलनाथ का मोहन सरकार पर निशाना, बजट से पहले जुबानी जंग
कमलनाथ ने कहा मध्य प्रदेश सरकार जनता को मूर्ख समझती है, हर मुद्दे पर झूठ बोलती है बीजेपी

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 7, 2026 at 2:54 PM IST
छिन्दवाड़ा : मध्य प्रदेश बेरोजगारी के मामले में देश में नंबर-1 वन है और प्रदेश सरकार हर मामले में झूठ बोलती है. ये कहना है पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ का. दरअसल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में कहा है कि प्रदेश में बेरोजगारी की दर सबसे कम हो गई है, यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है. मुख्यमंत्री के इस बयान पर कमलनाथ ने तंज कसते हुए कहा है कि डॉक्टर मोहन यादव झूठ बोल रहे हैं.
मोहन यादव का दावा झूठा, प्रदेश में बेरोजगारी बहुत ज्यादा : कमलनाथ
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बेरोजगारी की दर कम होने के बयान पर जब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, '' मध्य प्रदेश के युवा रोजगार के लिए तरस रहे हैं. लोग परेशान हैं और महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं और मुख्यमंत्री अपने मुंह से तारीफ कर रहे हैं. इससे बड़ा झूठ और क्या हो सकता है.'' कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में मीडिया से कहा, '' ये लोग (बीजेपी) जनता को मूर्ख समझते हैं. मध्य प्रदेश पूरे देश में बेरोजगारी के मामले में नंबर वन है.''
बजट सत्र से पहले फिर जुबानी जंग
मध्य प्रदेश सरकार का बजट 18 फरवरी को आने वाला है. इसके पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बेरोजगारी की दर को लेकर जो बयान दिया है, इस पर कांग्रेस लगातार हमलावर हो रही है. इससे पहले कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी मुख्यमंत्री के दावे पर सवाल उठाया था, तो अब पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी इसपर नई बहस को जन्म दिया है. वहीं, इस मामले में छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा है कि पूर्व सीएम कमलनाथ छिंदवाड़ा में सिर्फ कुछ दिन पिकनिक मनाने आते हैं. हकीकत में मध्य प्रदेश की सरकार और केंद्र सरकार विकास के कामों के साथ-साथ रोजगार के लिए लगातार काम कर रही है. विवेक बंची साहू ने कहा, '' कांग्रेस और कमलनाथ सिर्फ आरोप लगाते हैं इन्हें जनता की हकीकत पता नहीं है.''

मक्के के MSP के दाम को तरस रहा किसान
पूर्व सीएम कमलनाथ के साथ उनके बेटे और छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ भी यहां पहुंचे थे. इस दौरान नकुलनाथ ने कहा, '' जिले में मक्के का उत्पादन अधिक मात्रा में होता है. सरकार ने ₹2400 न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया है लेकिन केंद्र सरकार मोहन सरकार की बात मानती नहीं है. इसलिए किसानों को ₹1500 क्विंटल तक के दाम मिल रहे हैं. किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हो रहा है, किसान ठगा जा रहा है और CM झूठ बोल रहे हैं.
यह भी पढ़ें-
- मैंने बनाया था छिंदवाड़ा का डेवलपमेंट प्लान, कमलनाथ ने मोहन सरकार से कर दी बड़ी-बड़ी डिमांड
- विदेशी धरती में उम्र को दी मात, एक ने 70 तो दूसरे ने 66 की उम्र में किया कमाल, पावर लिफ्टिंग में भारत को गोल्ड
दो दिनों तक पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होंगे कमलनाथ
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ दो दिनों तक छिंदवाड़ा में रहेंगे. इस दौरान वे पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे और पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए पंचायत स्तर के कार्यकर्ता और नेताओं के साथ आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे.

