खतरे में 5 डे वर्किंग! अधिकारियों के 100 बहाने, मुख्यमंत्री के निर्देश हवा, लेट पहुंचे कर्मचारी
मुख्यमंत्री मोहन यादव के आदेश के बावजूद समय पर नहीं पहुंचे अधिकारी-कर्मचारी, लेट आने पर 4 को मिला नोटिस.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 12:09 PM IST
|Updated : January 9, 2026 at 1:25 PM IST
भोपाल: मध्य प्रदेश के सबसे प्रमुख सरकारी कार्यालय वल्लभ भवन में ही कर्मचारी समय पर नहीं पहुंच रहे हैं. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक दिन पहले ही सभी अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी कर्मचारी समय पर ऑफिस पहुंचे. इसके बाद भी अधिकांश कर्मचारी तय समय से देरी से ही मंत्रालय पहुंचे. हालांकि जब उनसे देरी का कारण पूछा गया तो उन्होंने इसके कई बहाने गिनाए. उधर ऑफिस से गायब मिलने वाले 4 कर्मचारियों को पीडब्ल्यूडी विभाग ने नोटिस दिया है. यह कर्मचारी समय पर ऑफिस नहीं पहुंचे थे.
यह कहा था मुख्यमंत्री ने
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक दिन पहले ही सभी अधिकारियों की बैठक कर ऑफिस समय पर पहुंचने की हिदायत दी थी. बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा था कि ''कोविड के दौर से प्रदेश के सभी सरकारी ऑफिसेस में फाइव डे वर्किंग सिस्टम लागू है. अधिकारी-कर्मचारी चाहते हैं कि यह सिस्टम लगातार जारी रहे. अब यदि इसे लागू रखना चाहते हैं तो तो बढ़े हुए काम के वक्त का भी पालन करना चाहिए.
यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी सरकारी ऑफिसेस में कर्मचारी सुबह 10 बजे से काम शुरू कर दें और शाम 6 बजे तक काम चलता रहे. वल्लभ भवन में मुख्य सचिव तो समय पर पहुंच जाते हैं, लेकिन बाकी कर्मचारी अधिकारी समय का ध्यान नहीं रखते.'' मुख्यमंत्री ने कहा कि, ''अनुशासन का ध्यान रखना होगा, नहीं तो फाइव डे वर्किंग सिस्टम को बंद करना होगा.''

फिर भी कर्मचारी नहीं पहुंचे समय पर
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भी सरकारी कार्यालय में अधिकांश कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचे. सरकारी ऑफिस में पहुंचने का समय सुबह 10 बजे का है, लेकिन वल्लभ भवन में ही कर्मचारी साढ़े 10 बजे तक पहुंचे. हालांकि जब उनके देरी से आने का कारण पूछा तो कर्मचारियों ने इसकी अलग-अलग वजह बताई. एक कर्मचारी ने कहा कि, ''आज ही लेट हो गया, वैसे हमेशा जल्द आता हूं. एक कर्मचारी ने ट्रैफिक की वजह से देर से आना बताया, जबकि एक अन्य कर्मचारी ने कहा कि देर कहां हुई, अभी तक साढ़े 10 ही बजा है.''

- संस्कारी बच्चों के लिए मां बाप कितने घंटे रोज साथ बिताए? लड़कियों के नशा मैनेजमेंट पर रीवा सांसद का ज्ञान
- मोहन यादव ने फिक्स की ऑफिस पहुंचने की टाइमिंग, बोले-सभी समय पर पहुंचे कार्यालय
- मध्य प्रदेश में बढ़ गई शिक्षकों की सैलरी, मोहन यादव सरकार ने दिया नए साल का गिफ्ट
निरीक्षण में गायब मिले 4 कर्मचारियों को नोटिस
उधर, मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में निरीक्षण किया. लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ केपीएस राणा ने भी निर्माण भवन का निरीक्षण किया. उन्होंने भवन के एक-एक सेक्शन में कर्मचारियों की उपस्थिति को देखा. निरीक्षण के दौरान चार कर्मचारी अधिकारी समय पर ऑफिस में अपनी सीट पर नहीं मिले. जब उन्होंने उनके बारे में पूछा तो पता चला कि चार कर्मचारी-अधिकारी न तो किसी बैठक में है और न ही किसी निरीक्षण पर जाना था. इसके बाद सभी को शो कॉज नोटिस देकर उनके स्पष्टीकरण मांगा गया है.

