मध्य प्रदेश में 5 दिन झेलने होंगे गर्मी के तीखे तेवर, 30 मई से बदल सकता है मौसम
मध्य प्रदेश में 5 दिन झेलनी होगी झुलसाने वाली गर्मी, 28 मई से बन रहा एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस, देश में बढ़ेगी मानसून की गति.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 24, 2026 at 6:22 PM IST
भोपाल: देश में मानसून की दस्तक का काउंनडाउन शुरू हो गया है, माना जा रहा है कि 28 मई के बाद देश में मानसून दस्तक दे सकता है. हालांकि मध्य प्रदेश में जबरदस्त गर्मी का दौर जारी है. प्रदेश के 23 जिलों में सीवियर हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल अगले 5 दिनों तक गर्मी के तीखे तेवरों को झेलना पड़ेगा. 5 दिनों बाद मौसम में बदलाव की उम्मीद की जा रही है. पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक दिन का तापमान 45.5 डिग्री अधिकतम तापमान नौगांव छतरपुर में रिकॉर्ड किया गया.
बढ़ेगी मानसून की गति, एमपी में 5 दिन राहत नहीं
अगले दो से तीन दिनों में बंगाल की खाड़ी में मानसून आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के मुताबिक "28 मई से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित करने की संभावना जताई जा रही है. मध्य प्रदेश के आसमान पर अभी किसी तरह की बादलों की स्थिति नहीं है और आसपास पूरी तरह से साफ है. हालांकि अगले 5 दिनों तक प्रदेश के मौसम में किसी तरह के बदलाव की उम्मीद नहीं है.

प्रदेश में गर्मी का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना, पन्ना में अगले दो दिनों यानी 25 और 26 मई को रेड अलर्ट जारी किया गया है. इन दो दिनों तक इस 5 जिलें में सीवियर हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की गई है, हालांकि 27 मई से गर्मी से हलकी राहत मिल सकती है."
23 जिलों के लिए गर्मी का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 25 मई के लिए प्रदेश के 23 जिलों के लिए गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक 25 मई को प्रदेश के भिंड, दतिया, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, दमोह, नरसिंहपुर, सागर, राजगढ़, आगर मालवा में सीवियर हीट की चेतावनी जारी की है. हालांकि प्रदेश के सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल, पांढुर्णा, हरदा, देवास, इंदौर, धार, बड़वानी, झाबुआ, अलीराजपुर में गर्मी से राहत रहेगी.
26 मई को प्रदेश के निवाड़ी, टीकमगढ़ छतरपुर, पन्ना, सतना के अलावा भिंड, दतिया, रीवा, मऊगंज सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, दमोह, नरसिंहपुर, सागर, राजगढ़, आगर मालवा में हीट वेव का डबल डोज रहेगा. इसके अलावा झाबुआ, अलीराजपुर, धार, इंदौर, देवास, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी में गर्मी से हल्की राहत रहेगी. उधर भोपाल सहित बाकी जिलों में भी हीट वेव चलेगी.

27 और 28 मई को प्रदेश के भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, मैहर, सतना, कटनी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, दमोह, नरसिंहपुर, सागर में सीवियर हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है. झाबुआ, अलीराजपुर, धार, इंदौर, देवास, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी में गर्मी से हलकी राहत रहेगी. बाकी जिलों में भी हीट वेव का सामना करना पड़ेगा.
- मध्य प्रदेश में समय से पहले पहुंचेगा मॉनसून? केरल में 48 घंटे के अंदर धुआंधार एंट्री
- नौतपा से पहले ही भट्टी बना मध्य प्रदेश, 41 जिलों में आज लू का अलर्ट, 46 डिग्री पहुंचा पारा
तापमान में हल्की कमी, लेकिन लू जारी
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान छतरपुर के नौगांव में सबसे ज्यादा 45.5 डिग्री सेल्सियस टेम्प्रेचर रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा खजुराहो में 45.4, दतिया में 44.3, दमोह, टीकमगढ़, जबलपुर, नरसिंहपुर में 44 डिग्री, विदिशा में 43.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा पचमढ़ी में सबसे कम अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री तापमान रहा. पचमढ़ी में रात का तापमान भी 19.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम है.

