संघ के 100 साल पर बनी 'शतक' को मोहन सरकार का तोहफा, मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री रहेगी फिल्म
मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री होगी संघ पर बनी फिल्म ‘शतक', मोहन यादव सरकार का फैसला.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 7:05 PM IST
भोपाल: मध्य प्रदेश में सिनेमा प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हिंदी फिल्म 'शतक' को पूरे प्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है. सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि यह फिल्म राष्ट्रसेवा, संस्कार और संगठन की उस परंपरा को सशक्त रूप में प्रस्तुत करती है, जिसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने दशकों से जीवित रखा है.
एमपी में बिना मनोरंजन के देंखें फिल्म
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि ‘शतक’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि संगठित विचार, चरित्र निर्माण और सेवा भाव की प्रेरक कथा है. यह दर्शाती है कि मजबूत संगठन और नैतिक मूल्यों के सहारे ही आत्मनिर्भर और सशक्त भारत का निर्माण संभव है. सरकार के इस निर्णय के बाद प्रदेश के दर्शक अब बिना मनोरंजन के अतिरिक्त बोझ के यह फिल्म देख सकेंगे.
आरएसएस के 100 साल पर बनी फिल्म
बता दें कि यह फिल्म 20 फरवरी 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. यह फिल्म संघ के 100 वर्षों के ऐतिहासिक सफर को पर्दे पर उतारती है. कहानी की शुरुआत 1925 में नागपुर से होती है. जब डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने संघ की स्थापना की थी. फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह एक छोटे से समूह के रूप में शुरू हुआ संगठन समय के साथ विशाल वटवृक्ष में बदल गया.
- मध्य प्रदेश के छोटे जिलों में सांस लेना दूभर, बड़े शहरों में सुधार, जानें आपके शहर का AQI
- DA बढ़ने से मध्य प्रदेश के कर्मचारियों की सैलरी इतनी बढ़ेगी, समझें मोहन यादव का पूरा गणित
हेडगेवार और गोलवर पर केंद्रित
फिल्म में डॉ. हेडगेवार के साथ-साथ उनके उत्तराधिकारी माधव सदाशिव गोलवलकर के जीवन, संघर्ष और वैचारिक प्रतिबद्धता को प्रमुखता से दर्शाया गया है. उनके नेतृत्व में संगठन के विस्तार और समाज जीवन में उसकी भूमिका को सिनेमाई रूप में प्रस्तुत किया गया है. ‘शतक' संघ के 100 साल’ फिल्म का निर्माण वीर कपूर ने किया है और निर्देशन आशीष मल्ल ने किया है. यह फिल्म संघ के इतिहास, विचारधारा और कार्यपद्धति को भावनात्मक और प्रेरक अंदाज में सामने लाती है.

