मध्य प्रदेश में बिजली सस्ती, बिल का टेंशन हुआ कम, बेफ्रिक हो जलाएं बत्ती और चलाएं एसी
मध्य प्रदेश के बिजली बिल उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर, घटाया फ्यूल काॅस्ट एंड पावर परचेज एग्रीमेंट सरचार्ज, 2.81 फीसदी की हुई कमी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 1, 2026 at 2:12 PM IST
|Updated : July 1, 2026 at 4:37 PM IST
भोपाल: मध्य प्रदेश के उपभोक्ताओं को बिजली बिल के मामले में थोड़ी राहत मिलने जा रही है. राज्य सरकार ने बिजली बिल में वसूला जाने वाला फ्यूल काॅस्ट एंड पावर परचेज एग्रीमेंट सरचार्ज को घटा दिया है. इस सरचार्ज को घटाकर 1.10 फीसदी कर दिया गया है. इसकी वजह से प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को हर माह आने वाले बिजली बिल में राहत मिलने की उम्मीद है. हर माह 200 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को करीबन 30 रुपए तक की बिल में राहत मिलेगी.
2.81 फीसदी की हुई कमी
बिजली कंपनियां बिजली बिल में फ्यूल काॅस्ट एंड पावर परचेज एग्रीमेंड काॅस्ट को लगातार कम कर बिजली उपभोक्ताओं को राहत दे दी है. अप्रैल माह तक फ्यूल काॅस्ट एंड पावर परचेज एग्रीमेंट काॅस्ट के रूप में 6 फीसदी का सरचार्ज वसूला जाता था, लेकिन इसमें लगातार कमी की जा रही है. पहले इसे घटाकर 3.91 फीसदी किया गया था, लेकिन अब इसमें और भी कटौती की गई है. बिजली कंपनी से इस सरचार्ज को घटाकर 1.10 फीसदी कर दिया है. इसके चलते अब हर माह आने वाले बिजली बिल में उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिलेगी.

यदि किसी उपभोक्ता द्वारा हर माह 200 यूनिट तक बिजली खपत की जा रही है तो उसके बिजली बिल में 30 रुपए तक की कमी आएगी. इसी तरह यदि 300 यूनिट तक की बिजली की खपत की जा रही है, तो बिल में 40 रुपए तक की कमी आएगी. इसी तरह यदि 400 यूनिट बिजली की खपत हो रही है तो 55 रुपए तक और 500 यूनिट तक बिजली खपत होने पर 70 रुपए तक की बचत होगी. मध्य प्रदेश पावर मैनेजमेंट कपंनी ने इससे जुड़ा सर्कुलर जारी कर दिया है.
बिल में जुड़ते हैं यह चार्जेस
हर माह बिजली उपभोक्ता के हाथों में पहुंचने वाले बिजली बिल में अलग-अलग तरह के चार्जेंस जोड़े जाते हैं. इसमें सबसे पहला होता है एनर्जी चार्जेस...यह असल में उपयोग की गई बिजली यूनिट्स की कीमतें होती है. इसको निर्धारित हर साल बिजली कंपनियां द्वारा किया जाता है. जितना टैरिफ तय किया जाता है, उसमें निर्धारित यूनिट के हिसाब से बिल बनता है.
- कैसे कम करें बिजली के बिल? जानें कौन सा बिजली उपकरण कितनी बिजली खर्च करता है
- रूफटॉप सोलर शहर बना इंदौर, बिजली बिल कम करने 60 हजार उपभोक्ताओं ने लगवाया सोलर सिस्टम
बिल में इसके बाद फिक्स चार्ज जोड़ा जाता है. इसमें मीटर और बिजली के कनेक्शन के लोड के आधार पर हर माह फिक्स चार्ज लिया जाता है. इसमें घर का लोड जितना अधिक होता है, फिक्स चार्ज भी उतना ज्यादा आता है. यदि आपके घर का लोड 3 किलो वाॅट है. तो कम से कम 390 रुपए फिक्स चार्ज देना होता है.
इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी भी बिल में वसूली जाती है. इसमें यदि 100 यूनिट तक खपत है तो एनर्जी चार्ज 9 फीसदी तक लिया जाता है. इससे अधिक यूनिट की खपत पर 12 फीसदी तक एनर्जी चार्ज लिया जाता है. इसके अलावा टीओडी रिवेट एंड सरचार्ज के रूप में ऑनलाइन पेमेंट में छूट दी जाती है.

