ETV Bharat / state

छतरपुर में सर्दी ने तोड़ी हदें, नौगांव की ठंड में जम गया थर्मामीटर, अलाव बना जीवन का सहारा

छतरपुर में ठंड से जीवन हुआ अस्त-व्यस्त, नौगांव में 1 डिग्री पहुंचा रात का तापमान, ठंड में जम गया तापमापी यंत्र.

SEVERE COLD IN NAUGAON
ठंड में आग बनी लोगों का सहारा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 8, 2026 at 2:46 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है. लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. सड़कें सूनी हैं और कोहरे ने जिले को अपनी चपेट में ले लिया है. विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि सामने का दिखना ही बन्द हो गया है. ठंड को देखते हुए छतरपुर कलेक्टर ने तीन दिन की छुट्टी के आदेश जारी कर दिए हैं. बर्फीली हवायें पिछले एक हफ्ते से लोगों को अपनी गिरफ्त में ले रही हैं और 15 जनवरी तक राहत मिलने की कोई उम्मीद भी नहीं है.

आग बनी लोगों का सहारा
बुंदेलखंड के छतरपुर में ठंड ने अब अपना रौंद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. अब सिर्फ आग का ही सहारा लोगों को बचाने में कारगार सबित हो रहा है. कोहरा और ठंड को देख ऐसा लग रहा है जैसे सूरज देवता भी छुट्टी पर चले गए हों. छतरपुर जिले में ठंड के दबदबे के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो रहा है. कड़ाके की ठंड, शीतलहर और कोहरे ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है.

खजुराहो में ठंड के बावजूद घूमने पहुंचे लोग (ETV Bharat)

नौगांव का तापमान एक डिग्री पहुंचा, मशीन ने दम तोड़ा
छतरपुर में लगातार बढ़ रही ठंड के कारण मौसम विभाग की मशीन को भी ठंड लग चुकी है. पिछले दिनों मध्य प्रदेश का सबसे ठंडा शहर नौगांव था. जहां तापमान एक डिग्री पहुंच गया था. तापमान की जानकारी लगते ही मौसम अधिकारी भी हैरान रह गए और मशीन निकालकर ले गए. मौसम अधिकारी के सी रैकवार बताते हैं, ''सागर से आये अधिकारी मशीन में गड़बड़ी का कहकर निकाल ले गए हैं. कुछ दिनों तक नौगांव में ठंड रिकॉर्ड में नहीं अब सिर्फ अनुभव में रहेगी.'' वहीं मौसम विभाग की खराब हुई मशीन को लेकर कलेक्टर पार्थ जैसवाल से बात की गई तो उन्होंने बस इतना कहा कि, '' मैं मौसम विभाग के अधिकारियों से बात करूंगा.''

temperature gauge froze in cold
ठंड में जम गई तापमान मशीन (ETV Bharat)

भीषण ठंड में खजुराहो पहुंच रहे सैलानी
छतरपुर जिले में रात के 9 से 10 बजते ही कोहरा शहर को ढकना शुरू कर देता है और यह आलम सुबह 9 से 10 बजे तक रहता है. वहीं, खजुराहो में भीषण ठंड का कहर बढ़ रहा है लेकिन पर्यटकों का आना कम नहीं हो रहा है. घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर रह गई है. बढ़ती ठंड को देखते हुए कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने 8 जनवरी तक स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है. कलेक्टर का कहना है कि, ''अगर ठंड से राहत नही मिली तो छुट्टियों को और आगे बढ़ा दिया जाएगा.''

Khajuraho Naogaon temperature
खजुराहो मंदिर पहुंचे सैलानी (ETV Bharat)

ठंड ने बढ़ाई खजुराहो के मंदिरों की सुंदरता
खजुराहो की ऐतिहासिक चंदेलकालीन धरोहर कोहरे के आगोश में बेहद सुंदर नजर आ रही हैं. मंदिरों को कोहरे ने अपनी चपेट में ले लिया है. कड़कड़ाती ठंड और कोहरे में देशी विदेशी सैलानी मंदिरों का दीदार करने से नहीं चूक रहे हैं. उनके लिए खजुराहो इन दिनों कश्मीर से कम नहीं है.

CHHATARPUR TEMPERATURES dropped
कोहरे से ढंका छतरपुर (ETV Bharat)

क्या कहते हैं व्यापारी
ETV भारत ने छतरपुर जिले में लोगों से ठंड का हाल जाना. इस दौरान व्यापारी नीरज कहते हैं, ''भीषण ठंड पड़ रही है, अब तो आग का ही सहारा है. पिछले दिनों एक डिग्री तापमान था. रात के 10 बजते ही कोहरा शहर को अपनी चपेट में ले लेता है.''