ETV Bharat / state

होली के पहले मध्य प्रदेश में थम जाएंगे यात्री बसों के पहिए, अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान

मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन कर रहा सरकार की नई परिवहन नीति का विरोध. 7 दिन में मांगे नहीं मानने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान.

MADHYA PRADESH BUS STRIKE
होली के पहले मध्य प्रदेश में थम जाएंगे यात्री बसों के पहिए (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 22, 2026 at 9:25 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सागर: होली का त्यौहार मध्य प्रदेश के रहवासियों को परेशानी का सबब बन सकता है. सागर में हुई मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन की बैठक में निर्णय लिया गया है कि अगर सरकार अपनी परिवहन नीति में बदलाव नहीं करती, तो 2 मार्च से सभी यात्री बसों के पहिए थम जाएंगे.

2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान

मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन की अहम बैठक रविवार को सागर में आयोजित की गई. जिसमें मध्य प्रदेश के तमाम जिलों के बस ऑपरेटर पहुंचे और उन्होंने एक बैठक कर 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है.

मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संतोष पांडे ने बताया कि सोमवार से हमारे सभी जिला एसोसिएशन मुख्यालय स्तर पर नई परिवहन नीति के खिलाफ ज्ञापन देंगे. एसोसिएशन ने सुझाव दिया कि बस आपरेटर 2 मार्च को बारात, तीर्थ यात्रा, पर्यटन के लिए एडवांस बुकिंग नहीं करें.

अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान (ETV Bharat)

क्या है सरकार की नई परिवहन नीति

मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के महामंत्री जयकुमार जैन ने बताया कि "सरकार नई परिवहन नीति से फिर से राज्य परिवहन निगम को चालू करना चाहते हैं. लेकिन उनके पास बसें नहीं है और ना ही बस खरीदने की स्थिति में है. इसलिए उन्होंने 24 दिसंबर 2025 को परिवहन नीति का ड्राफ्ट पेश किया था और उसके अनुसार वह मोटर यान अधिनियम में संशोधन करना चाहते हैं. जिससे उनके पास अधिकार हो जाएगा कि प्राइवेट बस ऑपरेटर के परमिट रद्द कर दिए जाएं.

सरकार प्रदेश में कंपनियां बनाकर बसों का संचालन करेंगे, सरकार ने ऐसी 7 कंपनियां बनाई हैं. हम लोगों की बसें अटैच की जाएंगी, अनुबंध किया जाएगा. हमें मेंटेनेंस भी उन्हीं के हिसाब से करना होगा. अभी किराया 1 रुपए 25 पैसे प्रति किमी है, जो 1 रुपए 75 पैसे प्रति किमी करना चाहते हैं."

MADHYA PRADESH BUS ASSOCIATION
मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन कर रहा सरकार की नई परिवहन नीति का विरोध (ETV Bharat)

मोटरयान अधिनियम में 7 दिन में संशोधन की मांग

मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष पांडे ने बताया कि "24 दिसंबर 2025 को नई परिवहन नीति का ड्राफ्ट आया था. इसमें सरकार बस मालिक को बस किराएदार बनाना चाह रही है. पहले हमसे ही बसें किराए से ली जाएंगी और फिर उनमें कमियां निकाल कर बाहर कर दिया जाएगा. जैसे अभी हम लोगों की बसों में कमियां निकाली जाती हैं. फिटनेस के हिसाब से बस में तीन गेट होना चाहिए, लेकिन 6 गेट करने के लिए बोल रहे हैं. बस में 2 सिलेंडर लगाने के लिए कहा जा रहा है, जबकि आयुक्त का कहना है कि एक सिलेंडर से काम चलेगा."

अध्यक्ष संतोष पांडे ने बताया कि "हम लोगों ने आज मीटिंग की है और निर्णय लिया है कि कल से प्रदेश के हर जिले में मुख्यमंत्री, परिवहन सचिव, परिवहन मंत्री और प्रभारी मंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन दिया जाएगा और अगर 7 दिन में हमारी मांग नहीं मानी गई, तो हम 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे और बसों का संचालन पूरी तरह से बंद कर देंगे."