काम ढूंढ़ने वाले युवाओं की संख्या 1 साल में बढ़ी 5.22 लाख, आकांक्षी युवाओं का आंकड़ा पहुंचा 25.95 लाख
मध्य प्रदेश में 2025 में 5 लाख 22 हजार 109 आकांक्षी युवाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन. पंजीयन कराने वालों में 12वीं पास ज्यादा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 17, 2026 at 7:29 PM IST
भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार ने बेरोजगार युवाओं को आकांक्षी युवा नाम दिया है, प्रदेश में काम की तलाश के लिए रोजगार पोर्टल पर पंजीयन कराने वाले आकांक्षी युवाओं की संख्या 25.95 लाख पहुंच गई है. साल 2024 के मुकाबले 2025 में 5 लाख 22 हजार 109 आकांक्षी युवाओं ने ज्यादा रजिस्ट्रेशन कराया है. विधानसभा में कांग्रेस विधायक के सवाल के जवाब में यह जानकारी सरकार ने दी है. रोजगार की तलाश करने वाले युवाओं में सबसे ज्यादा संख्या ओबीसी वर्ग के युवाओं की है. काम ढूंढने वालों में 10वीं पास से ज्यादा संख्या ग्रेजुएट्स की है.
1 लाख 63 हजार 941 आकांक्षी युवाओं को ऑफर लेटर
मध्य प्रदेश में बेरोजगार सियासी मुद्दा रहा है. पूर्ववर्ती शिवराज सिंह चौहान सरकार ने हर माह 1 लाख युवाओं को रोजगार दिए जाने का दावा किया था. प्रदेश की मोहन सरकार भी युवाओं को रोजगार दिलाने की बात कह चुकी है. सरकार द्वारा इसके लिए लगातार जॉब फेयर भी लगाए जा रहे हैं. विधानसभा में एक सवाल के जवाब में सरकार ने बताया है कि पिछले 2 सालों के दौरान जॉब फेयर के माध्यम से निजी क्षेत्र में 1 लाख 63 हजार 941 आकांक्षी युवाओं को ऑफर लेटर दिए गए हैं. उधर, उद्यम क्रांति योजना और केन्द्र सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत 25 हजार 847 युवाओं को स्वरोजगार दिया गया है.

पंजीयन कराने वालों में 12वीं पास ज्यादा
विधानसभा में कांग्रेस विधायक प्रताप ग्रेवाल के सवाल के जवाब में कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि राज्य में 2025 में 2024 के मुकाबले पोर्टल में रोजगार के लिए 5.22 लाख ज्यादा आकांक्षी युवाओं ने अपना पंजीयन कराया है. साल 2024 में 1 लाख 75 हजार 369 युवाओं ने काम के लिए पंजीयन कराया था, जबकि साल 2025 में 6.97 लाख आकांक्षी युवाओं ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है. रोजगार के लिए पंजीयन कराने वाले युवाओं में सबसे ज्यादा संख्या 12वीं पास युवाओं की है.
10वीं पास 3 लाख 16 हजार 892 युवाओं ने पंजीयन कराया है. 12वीं पास 9 लाख 78 हजार 564 युवाओं ने अपना पंजीयन कराया है. काम मांगने वालों में गेजुएट्स की संख्या 6 लाख 17 हजार 231 है. पोस्ट ग्रेजुएट्स आकांक्षी युवाओं द्वारा पंजीयन कराने वालों की संख्या 2 लाख 29 हजार 116 है. अन्य युवाओं की संख्या 4 लाख 53 हजार 877 है.
आकांक्षी युवाओं में ओबीसी वर्ग के सबसे ज्यादा
काम की तलाश के लिए रोजगार पंजीयन पर रजिस्ट्रेशन कराने वालों में सबसे ज्यादा आकांक्षी युवाओं की संख्या ओबीसी वर्ग के युवाओं की है. ओबीसी वर्ग के 10 लाख 54 हजार 831 आकांक्षी युवाओं ने पोर्टल पर अपना नाम दर्ज कराया है. सामान्य वर्ग के आकांक्षी युवाओं की संख्या 6 लाख 51 हजार 733 और अनुसचित जात वर्ग के आकांक्षी युवाओं की संख्या 4 लाख 70 हजार 542 है. इसी तरह अनुसूचित जन-जाति वर्ग के 4 लाख 18 हजार 574 आकांक्षी युवाओं ने भी अपना पंजीयन कराया है.
महिलाओं ने भी काम के लिए कराया रजिस्ट्रेशन
काम की तलाश में रोजगार पंजीयन पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कराने वालों में महिलाएं भी पीछे नहीं हैं. 31 दिसंबर 2025 तक ओबीसी वर्ग के 4 लाख 72 हजार 533 आकांक्षी युवतियों ने अपना पंजीयन कराया है. जबकि सामान्य वर्ग की आकांक्षी युवतियों की संख्या 2 लाख 94 हजार 429 है. इसी तरह अनुसूचित जनजाति वर्ग की युवतियों की संख्या 2 लाख 203 और अनुसूचित जाति की युवतियों की संख्या 2 लाख 9 हजार 807 है.
वर्ष पंजीयन की संख्या
- 2025 - 697478
- 2024 - 175369
- 2023 - 1371134
- 2022 - 713389
- 2021 - 1234454
- 2020 - 604317
- 2019 - 508901
- 2018 - 746818
- मध्य प्रदेश विधानसभा में पेश हुआ अनुपूरक बजट, 19 हजार करोड़ की राशि से चुकाएंगे कर्ज का ब्याज
- किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का आर-पार, 24 फरवरी को विधानसभा घेराव, 28 तक टैलेंट हंट
'सरकारी विभाग में कितनी नौकरी नहीं पता'
कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने कौशल विकास एवं रोजगार विभाग से पूछा कि वर्तमान सरकार को 2 साल से अधिक समय व्यतीत हो जाने पर इस अवधि में कितने आकांक्षी युवाओं या शिक्षित बेरोजगारों को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई गई और कितने परिवारों को रोजगार तथा स्वरोजगार उपलब्ध कराया गया. जवाब में राज्य मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि "शासकीय पदों पर नियुक्तियों की जानकारी विभाग द्वारा संधारित नहीं की जाती है."

