ETV Bharat / state

'मौज मस्ती में व्यस्त रही सुक्खू सरकार, गारंटियां नही कर पाई पूरी'

अनुराग ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर RDG मुद्दे पर पलटवार किया. उन्होंने कहा सरकार अपनी नाकामियां छिपाकर दोष बीजेपी पर लगा रही है.

अनुराग ठाकुर
अनुराग ठाकुर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 15, 2026 at 7:41 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: आरडीजी ग्रांट बंद करने को लेकर हिमाचल में खूब सियासत हो रही है. बीजेपी और कांग्रेस दोनों इसका दोष एक दूसरे पर मढ़ रहे हैं. आरोप और प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है. इसी बीच हमीरपुर के नेरी पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर ने रिवेन्यू डिफिसिट ग्रांट (RDG) के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के आरोपों का जोरदार पलटवार किया.

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार अपनी विफलताओं और नाकामियों को छिपाने के लिए केंद्र सरकार और भाजपा सांसदों पर निराधार आरोप लगा रही है. मुख्यमंत्री लगातार ये आरोप लगा रहे हैं कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश की अनदेखी कर रही है और राज्य के हितों के साथ खिलवाड़ हो रहा है. वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है. वर्तमान कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और उसके चुनावी वादे और गारंटियां पूरी नहीं हुई हैं. प्रदेश सरकार मित्रों की मौज-मस्ती में व्यस्त रही, जिससे हिमाचल प्रदेश पर लाखों करोड़ रुपये का भारी कर्ज चढ़ गया है. प्रदेश की जनता के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब अवश्य मांगेगी.

अनुराग ठाकुर का बीजेपी पर निशाना
अनुराग ठाकुर का कांग्रेस सरकार पर निशाना (ETV Bharat)

17 राज्यों की आरडीजी बंद

अनुराग ठाकुर ने RDG के राष्ट्रीय महत्व की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि ये केवल हिमाचल प्रदेश का मुद्दा नहीं है, बल्कि देश के 17 राज्यों में आरडीजी बंद कर दी गई है. इस गंभीर मुद्दे पर कांग्रेस अन्य राज्यों में चुप क्यों हैं. प्रदेश के सभी सांसद मुख्यमंत्री को साथ लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री से मिलने को तैयार हैं, ताकि हिमाचल प्रदेश के कर्ज और ब्याज के बोझ को कम करने के लिए ठोस सुझाव प्राप्त किए जा सकें. हम वित्त मंत्री से मुलाकात कर प्रदेश को ब्याज और कर्ज से मुक्त करने के लिए उपयुक्त कदमों पर चर्चा करेंगे और सुझाव मांगेंगे.

'राजनीति करने का प्रयास कर रही प्रदेश सरकार'

सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार हर मुद्दे पर राजनीति करने का प्रयास कर रही है. मुख्यमंत्री अपनी विफलताओं का दोष भाजपा पर फोड़ने की बजाय प्रदेश हित में ठोस और सकारात्मक कदम उठाएं. केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को हर संभव मदद मुहैया करवाई है और भविष्य में भी प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के लिए हर स्तर पर सहयोग जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें: बिजली के स्मार्ट मीटर की इस नंबर पर करें शिकायत, क्या बैलेंस खत्म होने पर एकदम कट जाएगी बिजली?